पंजाब सरकार ने घटाई नवजोत सिंह सिद्धू के घर की सुरक्षा, जवान वापस बुलाए, जेड प्लस सिक्योरिटी बरकरार
पटियालाः कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के पटियाला स्थित कोठी की सुरक्षा वापस ले ली है। सिद्धू की कोठी नं. 26 पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को पंजाब सरकार ने वापस बुला लिया है। बताया जा रहा है कि इन चारों जवानों को सुबह पटियाला पुलिस लाइन में हाजिर होने के लिए कहा गया है। वहीं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के परिवार ने आरोप लगाया है कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने उनके घर की सिक्योरिटी वापस ले ली है।
इस संबंधी मिली जानकारी के अनुसार सिद्धू की जेड प्लस सिक्योरिटी के अलावा पटियाला पुलिस प्रशासन ने सिद्धू की कोठी के बाहर 4 जवान अलग से तैनात कर रखे थे। बुधवार को इन्हीं चार जवानों में से दो जवानों को पुलिस लाइन बुला लिया गया। हालांकि सिद्धू फैमिली का दावा है कि चारों जवान वापस ले लिए गए हैं। वहीं नवजोत सिद्धू के परिवार के आरोपों के बीच पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने सफाई दी है। उनके अनुसार, सिद़्धू की कोठी पर लोकल पुलिस के चार जवान तैनात थे जिनमें से सिर्फ दो को वापस बुलाया गया है। दो जवान अभी भी कोठी के बाहर तैनात हैं। हालांकि सिद्धू की जेड प्लस सिक्योरिटी बरकरार है। यह सिक्योरिटी उन्हें तभी मिलती है जब वह जेल से बाहर आते हैं।
जिक्रोयग्य है कि सिद्धू 34 साल पुराने रोड रेज केस में पटियाला जेल में बंद हैं। इस केस में एक साल की सजा होने के बाद सिद्धू मई-2022 में जेल गए थे। जेल जाने से पहले सिद्धू के पास जेड प्लस सिक्योरिटी थी और उनके साथ हमेशा 16 जवान तैनात रहते थे। सिद्धू के जेल जाने के बाद इनमें से कुछ जवान अभी भी उनकी अमृतसर-पटियाला कोठी पर तैनात हैं।








Leave a Reply