डिप्टी कमिश्नर ने गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया
24 को फुल ड्रेस रिहर्सल, देशभक्ति की भावना से गणतंत्र दिवस मनाने की अपील
MBD NEWS: जालंधर, 22 जनवरी: डिप्टी कमिश्नर डा.हिमांशु अग्रवाल ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को स्थानीय गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों को आज अंतिम रूप दिया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए डा.अग्रवाल ने आयोजन के महत्व पर जोर देते हुए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा ताकि समागम उचित ढंग से संपन्न हो सके।

डा.अग्रवाल ने कहा कि गणतंत्र दिवस को देशभक्ति की भावना और उत्साह के साथ मनाया जाना चाहिए, क्योंकि यह दिन हमारे जीवन में बहुत महत्वपूर्ण स्थान रखता है। बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने ट्रैफिक डायवर्जन, पेयजल की उपलब्धता, पार्किंग, शौचालय और भाग लेने वाले छात्रों के लिए परिवहन व्यवस्था सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। डिप्टी कमिश्नर ने पी.एस.पी.सी.एल. अधिकारियों को पूरे आयोजन के दौरान स्टेडियम में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ।
इसके अलावा डा.अग्रवाल. ने स्वास्थ्य विभाग को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों और पैरामेडिक्स सहित मेडिकल टीमों को तैनात करने का निर्देश दिया। कार्यक्रम के सुचारू ढंग से सुनिश्चित करने के लिए वी.वी.आई.पी. प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने विभागीय उपलब्धियों को झांकियों द्वारा प्रदर्शित करने की भी समीक्षा की। उन्होंने यह भी घोषणा की कि सर्वश्रेष्ठ झांकी को कार्यक्रम के अंत में नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
डिप्टी कमिश्नर ने पुलिस विभाग को शहर में विशेष कार्यक्रम स्थल के आस-पास सुरक्षा मजबूत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यक्रम के सुचारू समापन के लिए स्टेडियम में पर्याप्त पुलिस कर्मियों को तैनात करने के लिए भी कहा। इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर ने जालंधर नगर निगम को शहर के मुख्य चौराहों को देशभक्ति की थीम पर आधारित सजाने को कहा। उन्होंने बताया कि फुल ड्रेस रिहर्सल 24 जनवरी को होगी।
डा. अग्रवाल ने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह को सुचारु रूप से संपन्न करवाने के लिए अपनी जिम्मेदारी पूरी तत्परता से निभाएं।
अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर जसबीर सिंह, सहायक कमिश्नर सुनील फोगट, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर मेजर डा. अमित महाजन, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर(ग्रामीण विकास) बुद्धि राज सिंह, एसडीएम बलबीर राज सिंह, एसडीएम रणदीप सिंह हीर, जिला राजस्व अधिकारी नवदीप सिंह और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।









Leave a Reply