जालंधरः सुभाना में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, शराब ठेके समेत अवैध रूप से बनी 8 दुकानें सील
जालंधरः महानगर में नगर निगम की अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। जिसके तहत नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच की टीम वीरवार को सुभाना नगर में अवैध इमारतों के खिलाफ सीलबंदी की कार्रवाई की है। बता दें कि निगम कमिशनर अभिजित कपिलश के आदेशों पर बिल्डिंग ब्रांच की टीम ने कार्रवाई करते हुए 8 अवैध रूप से बनाई गई दुकानों पर ताले जड़कर उन्हें सील कर दिया है। इन दुकानों में एक शराब का ठेका भी शामिल है। यह कार्रवाई निगम कमिशनर के आदेशों पर एटीपी सुखदेव सिंह ने टीम के साथ की है।
मामले की जानकारी देते हुए एटीपी सुखदेव ने बताया कि सुभाना में जिन दुकानों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें सील किया गया है, उनका न तो कोई नक्शा पास है और न ही इन्होंने कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाने से पहले कोई मंजूरी ली है। एटीपी ने कहा कि इन्हें बाकायदा नगर निगम ने नोटिस जारी कर दस्तावेज दिखाने के लिए कहा गया था, लेकिन दुकानों के मालिक कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर पाए। जिसके चलते आज निगम कमिशनर के आदेशों पर यह कार्रवाई की गई है।
हैरानी की बात यह है कि नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच ने जिन 8 दुकानों को सील किया है, उनमें से एक दुकान में शराब का ठेका भी चल रहा है। उसे भी निगम की टीम ने सील कर दिया है। गौरतलब है कि इससे पहले भी निगम की बिल्डिंग ब्रांच की टीम शहर में कई अवैध इमारतों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर चुकी है।








Leave a Reply