जानें देश के किस एयरपोर्ट पर बम विस्फोट होने की आई कॉल आने से मचा हड़कंप
गोवा एयरपोर्ट पर बम ब्लास्ट की फर्जी सूचना देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. वह बिहार का रहने वाला है. पुलिस ने उसके खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज किया है.
एक युवक ने गोवा एयरपोर्ट पर बम विस्फोट होने की सूचना दी, जिसके बाद हड़कंप मच गया. आनन-फानन में पुलिस ने सीआईएसएफ को जानकारी दी, जिसके बाद पूरे एयरपोर्ट की छानबीन की गई, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों को कुछ भी नहीं मिला. इसके बाद कॉलर को ट्रेस किया गया और पता चला कि उसने नशे में धुत होकर फेक जानकारी दी थी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, पुलिस के पास शनिवार शाम 4 बजकर 45 मिनट पर कॉल आई थी. कॉलर ने 112 नंबर पर फोन किया था. उसने बताया कि एयरपोर्ट पर बम विस्फोट हो सकता है. हालांकि उसने यह नहीं बताया कि एयरपोर्ट पर किस स्थान पर विस्फोट हो सकता है. कॉल मिलते ही गोवा पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई. उसने तुरंत सीआईएसएफ को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद दोनों ने साथ मिलकर एयरपोर्ट पर सुरक्षा के सभी उपाय किए. हर जगह जांच की गई, लेकिन उन्हें कुछ भी नहीं मिला.
इसके बाद मोपा पुलिस स्टेशन की एक टीम को कॉल करने वाले का पता लगाने का निर्देश दिया गया. इस टीम का नेतृत्व पुलिस इंस्पेक्टर निनाद ने किया. कुछ ही मिनट बाद पता चल गया कि ये कॉल कहां से किया गया और कॉल करने का क्या मकसद था. पुलिस को पता चला कि कॉल करने वाला युवक बिहार का रहने वाला है और वह मनोहर एयरपोर्ट पर सहायक के रूप में काम करता है. उसका नाम कुंदन कुमार और उम्र 22 साल है. पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की.
आरोपी ने पुलिस को बताया, मैंने फर्जी कॉल किया था
उसने पुलिस को पूछताछ के दौरान बताया कि यह एक फर्जी कॉल थी. वह नशे की हालत में था. गोवा पुलिस ने आरोपी का मेडिकल टेस्ट कराया है और उसके खिलाफ एमओपीए थाने में धारा 505 (1)(बी), 506(ii) और 507 के तहत एफआईआर दर्ज की गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.








Leave a Reply