गुरुद्वारा साहिब पर कब्जे को लेकर दो गुटों में हुआ टकराव, दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई

 गुरुद्वारा साहिब पर कब्जे को लेकर दो गुटों में हुआ टकराव, दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई

कुरुक्षेत्र – हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी व शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के समर्थकों के बीच उस समय झड़प हो गई जब सोमवार को एतिहासिक गुरुद्वारा साहिब पातशाही छठी में हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान बाबा कर्मजीत सिंह, निवर्तमान प्रधान बलजीत सिंह दादूवाल व अन्य सदस्य गुरु घर की सेवा संभाल के बाद शुक्राना अरदास कर रहे थे। अरदास के दौरान ही एसजीपीसी समर्थकों व उनके साथ आए अन्य लोगों ने गुरुघर की सेवा संभालने का विरोध करते हुए एचएसजीएमसी सदस्यों से माइक छीनने की कोशिश की।

कुरुक्षेत्र में गुरुद्वारा छठी पातशाही में दरबार साहिब में दोनों पक्षों में चल रही तनातनी।

इसके बाद एचएसजीएमसी व एसजीपीसी समर्थकों के बीच धक्का मुक्की शुरू हो गई। बलजीत सिंह दादूवाल की सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने शिरोमणि सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के समर्थकों को धक्के मार कर गुरुद्वारा से बाहर निकाल दिया। मौके पर मौजूद पुलिस एसजीपीसी समर्थकों को अपने साथ थाना कृष्णा गेट ले गई। अरदास के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए एचएसजीएमसी के प्रधान बाबा कर्मजीत सिंह ने कहा कि अरदास के दौरान संगत बड़े प्यार से बैठी थी। एसजीपीसी धर्म प्रचार कमेटी के सदस्य तेजेंदर पाल ढिल्लों व उनके साथ आए करीब 6 समर्थकों ने आते ही विघ्न डालना शुरू कर दिया। बलजीत सिह दादूवाल ने कहा कि एसजीपीसी के सदस्यों ने सजे दीवान के बीच विघ्न डाला है और जयकारे छोड़े है। इस पर संगत ने उन्हें बाहर निकाला। उन्होंने कहा कि हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अपनी सेवाएं कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने विघ्न डाला है, उनके खिलाफ धार्मिक व कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। बता दें कि रविवार को हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा छठी पातशाही कुरुक्षेत्र में सेवा संभाली गई थी। इसमें दरबार साहिब के गोलक के ताले तोड़ कर हरियाणा कमेटी ने अपने ताले लगाए थे। इसके बाद एसजीपीसी ने विरोध दर्ज कराते हुए इसे बेअदबी करार दिया था।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *