कालीचरण महाराज खजुराहो से गिरफ्तार, महात्मा गांधी पर की थी अमर्यादित टिप्पणी, मध्य प्रदेश के गृहमंत्री ने जताई आपत्ति
नई दिल्ली: महात्मा गांधी पर अमर्यादित टिप्पणी करने वाले कालीचरण महाराज को मध्यप्रदेश के खजुराहो से गिरफ्तार कर लिया गया है। यह गिरफ्तारी छत्तीसगढ़ की रायपुर पुलिस ने की है। कालीचरण पर भड़काऊ भाषण देने के आरोप में कई जगह मुकदमे दर्ज किए गए थे। बता दें कि छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की जहां एक संगठन द्वारा आयोजित धर्म संसद में धर्मगुरु कालीचरण महाराज ने महात्मा गांधी के बारे में अपमानजनक शब्द कहे थे और नाथूराम गोडसे को बापू की हत्या के लिए सही ठहराया था।
जानकारी अनुसार, कालीचरण खजुराहो से 25 क़िलोमीटर दूर बागेश्वर धाम के पास एक शख्स के यहां किराए पर कमरा लेकर ठहरा हुआ था। वहां से रायपुर पुलिस ने आज सुबह 4 बजे कालीचरण को गिरफ़्तार किया है। अब सड़क मार्ग से कालीचरण महाराज को रायपुर लाया जा रहा है। शाम 5 बजे तक पुलिस रायपुर पहुंच सकती है, जिसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।
मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कालीचरण महाराज की गिरफ्तारी पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि बिना स्थानीय पुलिस को जानकारी दिए यह गिरफ्तारी की गई है। उन्होंने कहा-‘रात के वीराने में आप आओ सर्दी के इस मौसम में और किसी को उठा ले जाओ… यह नई परंपरा विकसित हो जाएगी… कोई भी कह देगा हम पुलिस हैं… थाने में सूचना नहीं है देगा। मुझे तरीके पर आपत्ति है। यह गलत है। कांग्रेस की सरकार ने गलत तरीका अपनाया है। मैंने डीजीपी मध्य प्रदेश को कहा है वे छत्तीसगढ़ के डीजीपी से विरोध प्रकट कराएं।
रायपुर में दो दिवसीय ‘धर्म संसद’ के समापन के दौरान रविवार शाम को कालीचरण महाराज ने महात्मा गांधी के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था और उनके हत्यारे नाथूराम गोडसे की प्रशंसा की थी।








Leave a Reply