कांग्रेस को बड़ा झटका, गुलाम नबी आजाद ने छोड़ी पार्टी, सभी पदों से दिया इस्तीफा
नई दिल्लीः कांग्रेस के दिग्गज नेता गुलाम नबी आजाद ने कांग्रेस को अलविदा कह दिया है। पिछले कुछ दिनों से पार्टी से नाराज चल रहे आजाद ने कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। आजाद ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना इस्तीफा सौंपा है। उन्होंने सोनिया गांधी को पांच पेज की लंबी चिट्ठी लिखी है। आजाद ने चिट्ठी में लिखा कि मैंने भारी मन से कांग्रेस छोड़ने का फैसला लिया है। उन्होंने अपनी चिट्ठी में इस बात का उल्लेख किया है कि कांग्रेस को भारत जोड़ो यात्रा की जगह कांग्रेस जोड़ो यात्रा निकालनी चाहिए।
बता दें कि गुलाम नबी आजाद की गिनती पार्टी के बेहद सीनियर नेताओं में होती थी और वे गांधी परिवार के बेहद करीबी नेताओं में एक माने जाते थे। लेकिन 2019 के बाद से पार्टी के अंदर बदलाव की आवाज उठने लगी और फिर जी-23 ग्रुप का उभार हुआ। इसमें वो नेता शामिल थे जो पार्टी में आमूलचूल परिवर्तन की मांग उठा रहे थे। इन नेताओं में गुलाम नबी आजाद भी बेहद मुखर थे। इससे गांधी परिवार से उनकी दूरी बढ़ती जा रही थी।
गुलाम नबी आजाद की नाराजगी तब सामने आई थी जब उन्होंने चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष बनाए जाने के कुछ घंटों बाद ही पद से इस्तीफा दे दिया था। सोनिया गांधी यह चाहती थीं कि कांग्रेस गुलाम नबी आजाद के नेतृत्व में विधानसभा का चुनाव लड़े। इसलिए आजाद को चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष बनाया गया था। लेकिन कुछ घंटे के बाद ही आजाद ने इस पद से इस्तीफा दे दिया था।








Leave a Reply