आज से बदल गया दिल्ली के राजपथ का नाम, एनडीएमसी की बैठक में किया प्रस्ताव पास
नई दिल्लीः दिल्ली नगरपालिका परिषद ने राजपथ का नाम बदलकर‘‘कर्तव्य पथ” करने का प्रस्ताव बुधवार को पारित किया। एनडीएमसी की सदस्य मीनाक्षी लेखी ने बताया कि एनडीएमसी परिषद की एक विशेष बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया है। लोकसभा की सदस्य लेखी ने कहा, ‘‘ हमने विशेष परिषद बैठक में राजपथ का नाम बदलकर कर्तव्य पथ करने का प्रस्ताव पारित कर दिया है।” नाम बदलने को लेकर केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने इस फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि राजपथ का नाम बदलने का फैसला मातृभूमि की सेवा करने की हमारी कटिबद्धता को दर्शाता है और ये हमारी प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है। बता दें कि राजपथ का नाम पहले किंग्सवे था। यह गणतंत्र दिवस पर परेड विजय चौक से इंडिया गेट तक की दूरी तय करती है।
जानकारी अनुसार, एनडीएमसी के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने बताया कि आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय से इस संबंध में प्रस्ताव मिला था। उन्होंने कहा कि अब इंडिया गेट पर नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा से लेकर राष्ट्रपति भवन तक पूरे इलाके को ‘‘कर्तव्य पथ’’कहा जाएगा। वहीं, पीएम नरेंद्र मोदी, वीरवार को कर्तव्य पथ का नामकरण और उद्घाटन करेंगे। अब नेताजी की प्रतिमा से लेकर राष्ट्रपति भवन तक जाने वाली सड़क और पूरा इलाका कर्तव्यपथ के नाम से जाना जाएगा।
बता दें कि राजपथ राष्ट्रपति भवन से इंडिया गेट तक का रास्ता है, जिसकी लंबाई 3 किलोमीटर है। इस पथ से ही हर साल गणतंत्र दिवस को परेड निकलती है। हाल ही में मोदी सरकार ने इसका नाम बदलने का फैसला लिया था। जिस पर आज एमडीएमसी ने अपनी मुहर लगा दी है।








Leave a Reply