अब जालंधर के एक रेस्टोरेंट से मंगवाए न्यूडल्स में निकला मरा चूहा, महिला की तबीयत बिगड़ी
जालंधरः अगर आप भी बाहर के खाने का शौक रखते हैं तो सावधान हो जाएं, क्योंकि पिछले कुछ दिनों से महानगर के कुछ नामी रेस्टोंरेंट के खाने में लगातार कुछ अजीब चीजें निकलने का सिलसिला जारी है, जोकि आपकी सेहत के साथ लगातार खिलवाड़ है। ताजा मामला महानगर के अंतर्गत आते माडल हाऊस इलाके का है, जहां एक महिला ने अपने पति की बर्थडे पार्टी के दौरान एक रेस्टोरेंट से न्यूडल्स मंगवाए खाए तो उसमें से मरा चूहा निकला, जिसके बाद वहां हड़कंप मच गया। वहीं महिला की न्यूडल्स खाने के कारण तबीयत खराब हो गई।
मामले की जानकारी देते माता रानी चौक के पास रहने वाले नवीन ने बताया कि उसके बड़े भाई का जन्मदिन था। उन्होंने केक काटने के बाद घर पर नूडल्स का ऑर्डर दिया। जब नूडल्स प्लेटों में डाल कर खा रहे थे तो अचानक बीच से एक चूहे का बच्चा दिखाई दिया। घर में उनकी भाभी ने कुछ नूडल्स खा लिए थे। जैसे ही उन्हें पता चला कि इसमें चूहा था तो उनकी सेहत खराब हो गई। उन्हें तुरंत उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जिसके बाद जिस दुकान से नूडल्स मंगवाए थे, नवीन नूडल्स लेकर उस दुकानदार के पास पहुंचा। पहले तो दुकानदार मानने को राजी नहीं था कि उसके यहां से गए नूडल्स में से चूहा निकला है। जब युवक ने सारे वीडियो दिखाए तो दुकानदार मान गया।
वहीं इस पूरे मामले में जब मीडिया कर्मचारियों ने दुकानदार से बात करनी चाही तो वह कोई जवाब दिए बिना मौके से गायब हो गया। पीड़ित युवक ने बताया कि दुकानदार ने कहा कि हो सकता है कि कहीं गलती से कोई चूहे का बच्चा आ गया हो। इसके बाद दुकानदार ने मामले को ठंडा करने के लिए नवीन को कहा कि जो भी घर के लोग नूडल्स खाने से बीमार हुए हैं, उनके इलाज का सारा खर्च वह भरेगा।








Leave a Reply