अतीक अहमद की हत्या के बाद UP में धारा 144 लागू, प्रयागराज में इंटरनेट बंद
लखनऊ : गैंगस्टर से नेता बने अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की शनिवार रात को तीन हमलावरों ने हत्या कर दी। पुलिस ने बताया है कि घटना को अंजाम देने में शामिल 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वारदात के बाद सीएम योगी ने जांच के आदेश दिए हैं। उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में धारा 144 लागू कर दी गई है। प्रयागराज में तनाव को देखते हुए प्रशासन ने इंटरनेट बंद कर दिया है। कुछ जगहों पर पथराव की भी खबर है।
वहीं दूसरी तरफ राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अपने सारे कार्यक्रमों में बदलाव कर दिया है। साथ ही 5 कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर किसी के आने-जाने पर रोक लगा दी गई है। सीएम योगी आज अपने लखनऊ स्थित 5 कालिदास मार्ग पर ही मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को फील्ड में सतर्कता बरतने और हत्याकांड मामले में हर 2 घंटे की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में शांति व्यवस्था बनी रहनी चाहिए। इसमें सभी प्रदेशवासी सहयोग भी कर रहे हैं। आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी ना आए इसका ध्यान रखें।
सीएम योगी ने कहा कि कानून के साथ कोई भी खिलवाड़ न करे। सीएम योगी ने जनता से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान ना दें। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।









Leave a Reply