अग्निपथ स्कीम पर कोहराम जारी, बिहार के बिहिया रेलवे स्टेशन पर लूटपाट, टिकट काउंटर से तीन लाख रुपए लूटे
Agneepath Scheme Protest: नरेंद्र मोदी सरकार ने मंगलवार को सेना में बहाली के लिए ‘अग्निपथ’ योजना की घोषणा की थी। देश के कई राज्यों में इसका जमकर विरोध हो रहा है। बिहार-यूपी में इसका असर दिख रहा है।
Protest against Agneepath Scheme: नरेंद्र मोदी सरकार ने मंगलवार को सेना में बहाली के लिए ‘अग्निपथ’ योजना की घोषणा की थी। देश के कई राज्यों में इसका जमकर विरोध हो रहा है। बिहार और उत्तर प्रदेश में इसका सबसे अधिक असर देखने को मिल रहा है। इस बहाली योजना के खिलाफ प्रदर्शन आज भी जारी है। आंदोलनकारियों ने इसे तुरंत वापस लेने की मांग की है। सरकार इसके लिए फिलहाल तैयार नहीं दिख रही है। हालांकि, कल एक संसोधन जरूर किया गया। इस साल के लिए अधिकतम उम्र की सीमा को 21 साल से बढ़ाकर 23 साल कर दिया गया। आपको बता दें कि कई राजनीतिक दलों ने भी इस स्कीम को वापस लेने की मांग की है। अग्निपथ योजना के खिलाफ जारी आंदोलन की पल-पल की जानकारी यहां पढ़ें…
भारतीय सेना के लिए अनुकूल नहीं अग्निपथ स्कीम, बोली कांग्रेस
कांग्रेस सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा ने नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में कहा हम केन्द्र सरकार से अग्निपथ योजना को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग करते हैं। यह भर्ती योजना न तो राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में है और न ही हमारे युवाओं के भवष्यि के लिए सुरक्षित है। यह एक ऐसी योजना है जो भारतीय सेना और राष्ट्र के लिए अनुकूल नहीं है।
सेना के अभ्यर्थियों से मिले अनुराग ठाकुर
अग्निपथ स्कीम को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सेना के अभ्यर्थियों से संपर्क किया और योजना के बारे में संदेह दूर करने का प्रयास किया।
बिहार के मधेपुरा में BJP ऑफिस कैंपस में आगजनी
मोदी सरकार की अग्निपथ योजना की अग्निवीर सेना भर्ती को लेकर युवाओं का बिहार में उग्र प्रदर्शन शुक्रवार को भी जारी है। ताजा खबर मधेपुरा से आ रही है, जहां प्रदर्शनकारियों ने बीजेपी के दफ्तर में तोड़फोड़ के बाद कैंपस में आगजनी की है। इससे पहले गुरुवार को प्रदर्शनकारियों ने नवादा में भाजपा दफ्तर को आग के हवाले कर दिया था।
अलीगढ़ में अफसरों की गाड़ियों में तोड़फोड़, एडीजी पहुंचे
सेना भर्ती की नई योजना अग्निपथ के विरोध में शुक्रवार को अलीगढ़ में जमकर बवाल हुआ। सुबह करीब 11 बजे शुरू हुआ बवाल शाम साढ़े चार बजे के बाद तक जारी रहा। यमुना एक्सप्रेस-वे और टप्पल-जट्टारी क्षेत्र अग्निपथ में तब्दील हो गया। योजना का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों ने पुलिस चौकी जट्टारी को फूंक दिया। चौकी में खड़े कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया।
सैनिकों को किराए पर नहीं रख सकते, भगवंत मान का केंद्र पर निशाना
अग्निपथ स्कीम पर पंजाब सीएम भगवंत मान ने कहा कि हम सैनिकों को किराए पर नहीं रख सकते। केवल 21 साल की उम्र में हम उन्हें पूर्व सैनिक कैसे बना सकते हैं? वे कठोर परिस्थितियों में देश की रक्षा करते हैं। राजनेता कभी सेवानिवृत्त नहीं होते हैं, केवल सैनिक होते हैं, जनता जो सेवानिवृत्त होती है, हमें किराए पर सेना की आवश्यकता नहीं है। अग्निपथ योजना को वापस लेना चाहिए।
मीडिया रिपोर्ट्स हैं कि बिहार के बिहिया रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शनकारियों ने लूटपाट की। टिकट काउंटर से तीन लाख रुपए लूटे।
लोगों को उकसाकर विवाद पैदा कर रहा विपक्ष, बोले वीके सिंह
केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल वीके सिंह ने शुक्रवार को विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि वे सशस्त्र बलों में अल्पकालिक भर्ती के लिए केंद्र द्वारा लायी गई अग्निपथ योजना के संदर्भ में लोगों को उकसाकर विवाद उत्पन्न कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चूंकि विपक्ष के पास इसके सिवा करने को कुछ और नहीं है, इसलिए वह योजना का क्रियान्वयन शुरू होने से पहले ही इस पर विवाद उत्पन्न कर रहा है।









Leave a Reply