हमलावर ईंट-पत्थर से करते रहे वार, लोग लगाते रहे बचाने की गुहार- रंजिश की पूरी कहानी

पांच युवक डूबे: सभी लगाते रहे बचाने की गुहार, हमलावर ईंट-पत्थर से करते रहे वार, जानें- रंजिश की पूरी कहानी

हरियाणा के यमुनानगर में हथियारों से लैस हमलावरों से जान बचाने के लिए यमुना नहर में कूदे पांच युवक पानी में बह गए। वहीं पांच अन्य युवकों ने मौके से भागकर जान बचाई। हमलावर युवकों की गाड़ी को तोड़कर फरार हो गए। घटना रविवार शाम की है। नहर में डूबे पांच युवकों में सुलेमान व उसके चचेरे भाई अलाउद्दीन के परिवार के साथ आरोपियों की दो साल से रंजिश चल रही है। पांच मार्च 2020 में आरोपियों ने अलाउद्दीन के पिता इम्तियाज पर हमला किया था। जिसमें इम्तियाज की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

इसके अलावा अस्पताल में इम्तियाज का हाल जानकर घर लौट रहे सुलेमान, उसके भाई शाहरुख पर आरोपियों ने रॉड व डंडों से हमला किया था। इसमें शाहरुख की दोनों टांगों व बाजुओं में फैक्चर आया था। सुलेमान को भी चोट आई। दोनों मामलों में आरोपी अमित, बाबू, साहिल पंडित, धन्ना राणा, जोनी, लालू, अंकित, गौरू व दिनेश पर हत्या व मारपीट का केस दर्ज हुआ था। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था। अब मामला अदालत में चल रहा था। मामले में सुलेमान व अन्य की अदालत में गवाही होनी थी। मामले को लेकर दोनों पक्षों में दो दिन पहले पंचायत हुई थी। जिसमें समझौते की बात चल रही थी।

परिजनों का आरोप है कि अदालत में सुलेमान गवाही न दे सके, इसलिए आरोपी उसे मारने के लिए आए। जब सुलेमान व अलाउद्दीन अपने साथियों के साथ कम पानी में नहा रहा था तो आरोपियों ने उन पर ताबड़तोड़ ईंट व रोड़ों से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए जब वे अधिक पानी में गए तो पांच युवक डूबने लगे। उन्होंने बचाने के लिए गुहार लगाई लेकिन हमलावर उन पर पत्थर बरसाते रहे। कुछ देर बाद वे नहर में डूब गए। देर रात तक पांचों युवकों की तलाश जारी थी।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *