भारतीय निर्वाचन आयोग ने किया गुजरात चुनाव की तारीखों का ऐलान, दो चरणों में होगा मतदान; 8 दिसंबर को आएंगे नतीजे
Gujarat Election News: गुजरात विधानसभा चुनाव (Gujarat Assembly Election) की तारीखों का ऐलान चुनाव आयोग (EC) ने कर दिया है. गुजरात में 1 और 5 दिसंबर को विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग होगी और 8 दिसंबर को नतीजे आएंगे.
भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) ने गुजरात विधान सभा चुनाव 2022 (Gujarat Assembly Election 2022) की तारीखों का ऐलान कर दिया है. गुजरात (Gujarat) में 1 और 5 दिसंबर को दो चरणों में मतदान होगा. 8 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के साथ गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजे (Gujarat Assembly Election Results) आएंगे. मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए 182 सीटों पर 4.9 करोड़ से अधिक वोटर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे. गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए 51,000 से ज्यादा मतदान केंद्र निर्धारित, जिनमें 34,000 से ज्यादा ग्रामीण इलाकों में हैं.
गुजरात में 1 और 5 दिसंबर को होगी वोटिंग
मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे. 89 सीटों के लिए वोटिंग 1 दिसंबर को और 93 सीटों के लिए मतदान 5 दिसंबर को होगा. प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम मतदान प्रतिशत वाले केंद्रों की पहचान की गई है, वहां मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे. हम वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने के लिए वोट डालने में शहरी लोगों की उदासीनता पर भी गंभीरता से ध्यान दे रहे हैं.
8 दिसंबर को आएंगे विधानसभा चुनाव के नतीजे
बता दें कि इससे पहले चुनाव आयोग ने हिमाचल प्रदेश चुनाव की तारीखों के साथ गुजरात चुनाव कार्यक्रम की घोषणा नहीं की थी. हालांकि, गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजे हिमाचल प्रदेश के साथ 8 दिसंबर को ही आएंगे. चुनाव आयोग ने 14 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की थी. हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को एक चरण में वोटिंग होगी.
गौरतलब है कि चुनाव आयोग की तरफ से गुजरात चुनाव की तारीखों की घोषणा से पहले ही गुजरात बीजेपी की एक अहम बैठक शुरू हो चुकी है. ये मीटिंग 3 दिन तक चलेगी. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तीन दिन के गुजरात दौरे पर हैं. वो इस अहम मीटिंग की अध्यक्षता कर रहे हैं. शाह के साथ इस बैठक में गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल और गुजरात बीजेपी चीफ सीआर पाटिल भी शामिल हुए हैं. माना जा रहा है कि इस मीटिंग में टिकट बंटवारे पर चर्चा होगी.









Leave a Reply