बॉलीवुड के मशहूर सिंगर केके का 53 साल की उम्र में निधन, कॉन्सर्ट के बाद बिगड़ी थी तबीयत
कोलकाताः बॉलीवुड के मशहूर सिंगर केके उर्फ कृष्ण कुमार कुन्नथ का मंगलवार को कोलकाता में लाइव कॉन्सर्ट के बाद 53 साल की उम्र में निधन हो गया। परफॉर्मेंस के बाद वह होटल पहुंचे और उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें कोलकाता मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। केके यानी कृष्णकुमार कुन्नथ की मौत पर अब सस्पेंस बन गया है, क्योंकि कोलकाता पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का केस दर्ज कर लिया है। सूत्रों के अनुसार, केके के शरीर पर चोट के निशान थे, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। सिंगर का पोस्टमॉर्टम उनके परिवार की सहमति के बाद किया जाएगा।
केके के निधन पर पीएम मोदी ने दुख जताया है। पीएम ने कहा केके के निधन से दुखी हूं, उनके गानों से हर उम्र के लोग जुड़े हुए हैं। वो अपने गानों के जरिए हमारे दिल में हमेशा जिंदा रहेंगे। ईश्वर उनके परिवार को शक्ति दे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी केके के निधन पर शोक जताया है। वहीं, केके के निधन से बॉलीवुड़ इंडस्ट्री में दुख का माहौल है। अभिनेता अक्षय कुमार, सिंगर अरमान मलिक, अभिनेत्री सोनल चौहान और मुनमुन दत्ता समेत कई हस्तियों ने उनके निधन पर दुख जताया है। केके समेत देश ने पिछले 2 दिन में परफॉर्मेंस के दौरान दो सिंगर्स को खो दिया है।
अगर केके की बॉलीवुड में एंट्री की बात करें तो उन्होंने ‘माचिस’ फिल्म के ‘छोड़ आए हम’ गाने से डेब्यू किया था। फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ के गाने ‘तड़प तड़प’ से बड़ा ब्रेक मिला था। इसके अलावा केके ने ‘यारो’, ‘पल’, ‘कोई कहे कहता रहे’, ‘मैंने दिल से कहा’, ‘आवारापन बंजारापन’, ‘दस बहाने’, ‘अजब सी’, ‘खुदा जाने’ और ‘दिल इबादत’, ‘तू ही मेरी शब है’ जैसे तमाम खूबसूरत गाने गाए हैं।








Leave a Reply