पंजाब अलर्ट: ब्यास-घग्गर ने मचाई तबाही, धुस्सी टूटने से खेत जलमग्न

 

MBD WEB NEWS  तरनतारन (सुमेश शर्मा) पंजाब में 22 जुलाई तक मौसम विभाग ने बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। लेकिन पहाड़ों से आ रहे पानी को रोकने में बांध नाकाफी साबित हो रहे हैं। ब्यास नदी पर बने पौंग बांध से छोड़े गए पानी से अब निचले इलाके डूबने लगे हैं। तरनतारन क्षेत्र में ब्यास के पानी ने तबाही मचानी शुरू कर दी है।

तरनतारन के मुंडा गांव में ब्यास नदी के बहाव से बचाव के लिए बनाए गए धुस्सी बांध में दरार आ गई है। इससे पानी ने इस क्षेत्र के करीब आठ से दस गांवों की तरफ अपना रुख कर लिया है। गांवों में खेत पानी से लबालब भर गए और धान की सारी फसल पानी में डूब गई है। किसानों का कहना है कि पानी के साथ भारी गाद भी आ रही है, जिससे उनके खेत खराब हो गए हैं।

तरनतारन के मुंडा और गुज्जरपुरा के लोगों ने बताया कि तड़के करीब 3 बजे ब्यास नदी में पानी का बहाव बढ़ने से धुस्सी बांध में दरार आई। उसके बाद लगातार पानी का बहाव बढ़ता जा रहा है। गांव वालों ने कहा कि इस क्षेत्र में कम से कम अभी तर 6 से 7 किलोमीटर एरिया में पानी से खेत डूब गए हैं। वह मिट्टी से भरी बोरियां भी डाल रहे हैं, लेकिन बहाव इतना तेज है कि मिट्टी की बोरियां भी उसमें बह गईं।

घग्गर नदी पर चांदपुर में धुस्सी बांध टूटने के बाद निकला पानी ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी चपेट में लेने के बाद अब सरदूलगढ़ शहर की तरफ बढ़ रहा है। लोगों ने शहर के आसपास जहां से पानी शहर में घुसने की आशंका है वहां पर अपने स्तर पर मिट्टी से बांध बनाने शुरू कर दिए हैं। लोग अपने घरों से बाहर निकलने शुरू हो गए हैं और अपने जानवरों को भी साथ में लेकर सुरक्षित स्थानों की तरफ निकल रहे हैं।