दिल्ली से भागी 4 नाबालिग लड़कियां अमृतसर से बरामद, ये प्लानिंग करके भागीं थीं घर से.. पढ़ें पूरी खबर
अमृतसरः बीते दिन दिल्ली से घर से भागीं चार लड़कियों को अमृतसर की पुलिस ने बीती रात बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि चारों नाबालिग लड़कियां दिल्ली से भागकर अमृतसर गोल्डन टेंपल देखने के लिए आई थीं। चारों लड़कियां दिल्ली के बदरपुर इलाके की रहने वाली हैं। देर रात अमृतसर पहुंची दिल्ली पुलिस ने चारों नाबालिग युवतियों को अपने साथ लेकर दिल्ली रवाना हो गई है।
इस संबंधी जानकारी देते गलियारा चौकी इंचार्ज परमजीत सिंह ने बताया कि दिल्ली पुलिस की तरफ से शुक्रवार को 4 लड़कियों की फोटो को सर्कुलेट किया गया था। दिल्ली के बदरपुर एरिया से चारों लापता हुई थीं। दिल्ली पुलिस ने शुरुआती जांच में लड़कियों को दिल्ली रेलवे स्टेशन के आसपास देखा। इसके बाद उन्होंने चारों लड़कियों की तस्वीरों को अमृतसर पुलिस के साथ सांझा किया था। सूचना मिलने के बाद से ही गलियारा पुलिस ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सीसीटीवी कैमरों से गोल्डन टेंपल कॉप्लेक्स को खंगाला तो चारों गुरु रामदास जी सराय के पास आराम कर रही थीं। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों लड़कियों को रिकवर कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में लड़कियों ने बताया कि वे सिर्फ गोल्डन टेंपल देखने के लिए आना चाहती थीं। परिवार से अनुमति मांगती तो वे कभी नहीं आने देते। इसलिए चारों सहेलियों ने पैसे इकट्ठे किए और ट्रेन से अमृतसर पहुंच गईं। देर शाम लड़कियों को रिकवर करने के बाद इसकी सूचना दिल्ली पुलिस को दे दी गई थी। पुलिस की टीम रात को ही अमृतसर पहुंची और कागजी कार्रवाई के बाद 2-3 बजे के आसपास चारों लड़कियों को साथ ले गई। चारों लड़कियों को उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया है।








Leave a Reply