पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना के काफिले पर भीषण हमला, 23 से ज्यादा जवानों के मारे जाने की खबर
इस्लामाबाद : पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान से एक बेहद सनसनीखेज और बड़ा मामला सामने आया है। लासबेला जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग एन-25 (N-25) से गुजर रहे पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के काफिले को निशाना बनाकर भीषण हमला किया गया है। शुरुआती जानकारियों और स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस घातक हमले में कम से कम 23 से अधिक जवानों के मारे जाने की आशंका है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
15 गाड़ियों के काफिले पर विस्फोट, वाहन में लगी भीषण आग
वारदात लासबेला के कशारी इलाके में पेश आई। उस वक्त फ्रंटियर फोर्स (FC) के करीब 15 वाहनों का बड़ा काफिला हाईवे से गुजर रहा था। घात लगाए हमलावरों ने काफिले के बीच में जोरदार विस्फोट कर दिया। धमाका इतना तीव्र था कि सुरक्षा बलों का एक वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया और आसपास के इलाके में भारी दहशत फैल गई। हमले के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल जवानों को नजदीकी बेला शिविर ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार जारी है।
हमले के पीछे BLA का हाथ होने का शक
इस बड़े हमले का सीधा आरोप प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) पर लगाया जा रहा है। बीएलए पिछले कई महीनों से बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों की चौकियों, सरकारी प्रतिष्ठानों और मुख्य संपर्क मार्गों पर ताबड़तोड़ हमले कर रहा है। संगठन लगातार यह दावा करता रहा है कि उसके लड़ाके बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना की गतिविधियों को रोकने के लिए ऐसे अभियानों को अंजाम दे रहे हैं। हालांकि, पाकिस्तानी सेना के आधिकारिक प्रवक्ता (ISPR) की ओर से अभी तक हताहतों की अंतिम संख्या को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
रणनीतिक एन-25 हाईवे बंद, पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन
घटना के तुरंत बाद सेना और पुलिस की अतिरिक्त टुकड़ियों ने कशारी और आसपास के समूचे क्षेत्र को घेरकर बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। एहतियात के तौर पर एन-25 राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को पूरी तरह रोक दिया गया है। उल्लेखनीय है कि यह रणनीतिक हाईवे कराची को प्रांतीय राजधानी क्वेटा से जोड़ता है और तटीय मार्गों के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है। ऐसे महत्वपूर्ण मार्ग पर सेना के काफिले को निशाना बनाए जाने से पूरे पाकिस्तान के सुरक्षा तंत्र में हड़कंप मच गया है।









