MBD WEB NEWS

दरबार साहिब के परिसर में बेअदबी की कोशिश, गुरु ग्रंथ साहिब के सामने तलवार उठाते दबोचा युवक…

दरबार साहिब के परिसर में बेअदबी की कोशिश, गुरु ग्रंथ साहिब के सामने तलवार उठाते दबोचा युवक…

 

 

अमृतसर- श्री हरिमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) परिसर में बुधवार शाम एक युवक द्वारा कथित बेअदबी की कोशिश किए जाने का मामला सामने आया है। श्री अकाल तख्त साहिब के पीछे स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा गुरबख्श सिंह में चल रहे अखंड पाठ के दौरान युवक ने पावन स्वरूप के सामने रखी तलवार उठाने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद सेवादारों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत काबू कर लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि आरोपी की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। युवक ने पहले गुरुद्वारे में माथा टेका और परिक्रमा की, जिसके बाद उसने अचानक तलवार उठा ली। सेवादारों द्वारा पूछताछ किए जाने पर उसने अपने कृत्य के पीछे कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया। सेवादारों ने आगे पूछा कि उसे किसने भेजा तो आरोपी ने कहा- मैं अपनी मर्जी से आया हूं। मैं कभी झूठ नहीं बोलता, न मैं किसी से डरता हूं। अगर गलत लगूं तो चाहे काट दो।

पूछताछ में नहीं बताई पहचान

जानकारी के अनुसार, आरोपी ने अपनी पहचान उजागर नहीं की है। पूछताछ के दौरान उसने दावा किया कि वह किसी के कहने पर नहीं, बल्कि अपनी मर्जी से यहां आया था। उसने यह भी कहा कि वह अमृतसर अकेला आया है और उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति नहीं था।

SGPC ने की सख्त कार्रवाई की मांग

एसजीपीसी अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है और उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित शिकायत भी दी गई है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच होनी चाहिए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि युवक की मंशा क्या थी और क्या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश या अन्य लोग शामिल हैं।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

धामी ने बताया कि प्रारंभिक जांच और सीसीटीवी फुटेज में आरोपी अकेला दिखाई दे रहा है। फिलहाल उसके साथ किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने नहीं आई है। अमृतसर पुलिस ने आरोपी की पहचान और पृष्ठभूमि का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। पुलिस कमिश्नर ने भी भरोसा दिलाया है कि मामले में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

धार्मिक भावनाएं भड़काने की साजिश का आरोप

एसजीपीसी अध्यक्ष ने कहा कि इससे पहले भी श्री हरिमंदिर साहिब में बेअदबी की कोशिशों की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उनके अनुसार, ऐसी घटनाएं धार्मिक माहौल को खराब करने, संगत की भावनाओं को आहत करने और गुरुद्वारा प्रबंधन को बदनाम करने की साजिश का हिस्सा हो सकती हैं। उन्होंने सरकार से मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराने की मांग की है।