MBD WEB NEWS

नवजोत कौर सिद्धू ने की अमित शाह की तारीफ, क्या BJP में घर वापसी की है तैयारी हो चुकी है शुरू?

 नवजोत कौर सिद्धू ने की अमित शाह की तारीफ, क्या BJP में घर वापसी की है तैयारी हो चुकी है शुरू?

चंडीगढ़ : पंजाब की राजनीति में एक बार फिर बड़े बदलाव के आसार नजर आ रहे हैं। कांग्रेस से निलंबित चल रहीं पूर्व विधायक नवजोत कौर सिद्धू के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तारीफ करने के बाद अब यह कयास लगाए जा रहे हैं कि सिद्धू दंपती जल्द ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) में वापसी कर सकते हैं।

नवजोत कौर सिद्धू ने सोशल मीडिया के जरिए पंजाब में अवैध माइनिंग और जंगलों के नीचे घटती जमीन के गंभीर मुद्दे को उठाया है। इस मामले में केंद्र सरकार द्वारा की जा रही कार्रवाई पर संतोष जताते हुए उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का विशेष धन्यवाद किया है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, कांग्रेस से जुड़ी एक नेता द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री की यह तारीफ सामान्य नहीं है और इसे भविष्य की राजनीति के एक बड़े संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

भाजपा नेताओं के प्रति नवजोत कौर का यह नरम रुख नया नहीं है। इससे पहले वह केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर चुकी हैं और उनके विकास कार्यों की सराहना भी कर चुकी हैं। इसके अलावा, उन्होंने पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया की कार्यशैली की भी तारीफ की है। लगातार भाजपा के शीर्ष नेताओं की प्रशंसा करना इस बात का स्पष्ट संकेत दे रहा है कि सिद्धू परिवार का मन अब बदल रहा है और वे पुराने गिले-शिकवे भुलाकर नई राह पकड़ने की तैयारी में हैं।

दूसरी तरफ, कांग्रेस के साथ उनके रिश्ते लगभग खत्म होने की कगार पर हैं। नवजोत कौर सिद्धू पहले से ही पार्टी से निलंबित चल रही हैं। हाल ही में उन्होंने एक बेहद विवादास्पद दावा किया था कि मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए 500 करोड़ रुपये का ऑफर दिया गया था। इस बयान से मचे सियासी बवाल के बाद पार्टी ने उन्हें सस्पेंड कर दिया था। साथ ही, उन्होंने पंजाब कांग्रेस के मौजूदा अध्यक्ष के नेतृत्व को स्वीकारने से भी साफ इनकार कर दिया है। इन परिस्थितियों और भाजपा नेताओं की तारीफों को जोड़कर देखा जाए, तो सिद्धू परिवार की भाजपा में वापसी की अटकलें अब और भी पुख्ता होती जा रही हैं।