फ़िल्म शूटिंग में बाल-बाल बचे पंजाबी गायक परमिश वर्मा, ले जाया गया अस्पताल, जानें पूरी खबर…
अंबाला- पंजाबी सिंगर और एक्टर परमीश वर्मा अपनी आगामी फिल्म शेरा की शूटिंग के दौरान हादसे का शिकार हो गए। शूटिंग के दौरान उनकी कार पर नकली गोली फायर की गई, जिससे गाड़ी का शीशा टूटकर परमीश के चेहरे पर जा लगा और वह घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को अंबाला के मिलिट्री एरिया स्थित चर्च के पास फिल्म का एक टेक शूट किया जा रहा था। इसी दौरान नकली गोली के फायर से गाड़ी का शीशा चटक गया। उस समय परमीश कार के भीतर बैठे थे, जिसके कारण शीशे के टुकड़े उनके चेहरे पर लग गए। उन्हें तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद वे चंडीगढ़ लौट गए। हादसे के बाद फिल्म की शूटिंग बीच में ही रोक दी गई।
हालांकि घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन परमीश ने इंस्टाग्राम पर अपनी गाड़ी की टूटी खिड़की और बिखरे शीशे की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “भगवान के आशीर्वाद से मैं ठीक हूं।” उनकी यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
गौरतलब है कि पंजाबी फिल्म शेरा दुनियाभर के सिनेमाघरों में 15 मई 2026 को रिलीज होने जा रही है। फिल्म में परमीश वर्मा मुख्य किरदार शेरा के रूप में दमदार अंदाज़ में नजर आएंगे।











