नई दिल्ली:जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हमले में कायराना आतंकी हमले से पूरे देश में आक्रोश है. कल पीएम मोदी भी सऊदी दौरे को बीच में छोड़ देश लौट आए और आतंकी हमले पर सारी जानकारी ली. इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने पहलगाम में आतंकी हमले वाली जगह का दौरा किया और इससे पहले उन्होंने श्रीनगर में मृतकों को श्रद्धांजलि दी. भारत ने पहलगाम आतंकवादी हमले के मद्देनजर बुधवार को पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए उसके साथ राजनयिक संबंधों में व्यापक कटौती, 1960 की सिंधु जल संधि स्थगित करने और अटारी चौकी को बंद किए जाने समेत कई फैसले किए. पहलगाम में नृशंस हमले में 26 लोगों की मौत के एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में सुरक्षा संबंधी कैबिनेट समिति (सीसीएस) की बैठक हुई, जिसमें इस कायरतापूर्ण हमले के प्रति भारत के जवाबी कदमों को अंतिम रूप दिया गया तथा सुरक्षा बलों को ‘‘उच्च सतर्कता” बनाए रखने का निर्देश दिया गया.








