MBD WEB NEWS

पंजाब में ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान पर निकली पुलिस टीम पर हुआ जानलेवा हमला, ASI का सिर फोड़ा, कॉन्स्टेबल की लाठियों से पिटाई; 4 के खिलाफ मामला दर्ज

पंजाब में ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान पर निकली पुलिस टीम पर हुआ जानलेवा हमला, ASI का सिर फोड़ा, कॉन्स्टेबल की लाठियों से पिटाई; 4 के खिलाफ मामला दर्ज

 

 

गिद्दड़बाहा : पंजाब में ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान पर निकली पुलिस टीम पर मुक्तसर जिले के गिद्दड़बाहा क्षेत्र में जानलेवा हमला हुआ है। कथित नशा तस्करों ने स्पेशल स्टाफ के एक सहायक उप-निरीक्षक (ASI) और एक कॉन्स्टेबल को लाठियों से बेरहमी से पीटा, जिससे ASI गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हमले में दो महिलाएं भी शामिल थीं। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

घटना वीरवार शाम भारू चौक झुग्गियों इलाके में हुई। स्पेशल स्टाफ के एएसआई राज बहादुर सिंह कॉन्स्टेबल जसप्रीत सिंह के साथ पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत खुफिया सूचना के आधार पर नशा और तस्करों की तलाश में गश्त कर रहे थे।

एएसआई राज बहादुर सिंह ने बताया कि शाम करीब पांच बजे जब वे भारू चौक झुग्गियों में जा रहे थे, तभी सूरज प्रताप सिंह उर्फ सूरज, करमजीत कौर उर्फ गग्गू (पत्नी जसविंदर सिंह), अर्शदीप सिंह और कमलप्रीत कौर (पत्नी लवप्रीत सिंह) निवासी भारू चौक झुग्गियों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने पुलिस टीम को चुनौती देते हुए कहा कि आज वे उन्हें नशे के खिलाफ कार्रवाई करने का तरीका सिखाएंगे और उन्हें मार गिराएंगे।

इसके तुरंत बाद, सूरज प्रताप सिंह ने एएसआई राज बहादुर सिंह के सिर पर लाठी से जोरदार वार किया, जबकि करमजीत कौर ने उनकी पीठ पर वार किया। अर्शदीप सिंह ने भी उसी लाठी से एएसआई के दाहिने हाथ पर वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर गए। हमले में एएसआई का सिर फट गया और उनके बाएं हाथ की उंगलियों में भी गंभीर चोटें आईं।

जब कॉन्स्टेबल जसप्रीत सिंह बीच बचाव में आए, तो कमलप्रीत कौर ने उनके दाहिने हाथ पर लाठी से वार कर दिया। आरोपियों ने जमीन पर गिरे एएसआई राज बहादुर सिंह पर लगातार प्रहार किए। पुलिस कर्मचारियों की चीख-पुकार सुनकर और आस-पास के लोगों को इकट्ठा होते देख हमलावर अपने हथियारों सहित मौके से फरार हो गए।

कॉन्स्टेबल जसप्रीत सिंह ने घायल एएसआई राज बहादुर सिंह को तुरंत सिविल अस्पताल गिद्दड़बाहा में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

डीएसपी अवतार सिंह राजपाल ने बताया कि इस मामले में थाना गिद्दड़बाहा में सूरज प्रताप सिंह, करमजीत कौर उर्फ गग्गू, अर्शदीप सिंह और कमलप्रीत कौर सहित चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हमला करने, सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

डीएसपी ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और नशा तस्करों की ऐसी कायराना हरकतें नशे के खिलाफ पुलिस और सरकार की लड़ाई को कमजोर नहीं कर सकतीं। उन्होंने दोहराया कि नशे का पूरी तरह सफाया होने तक पुलिस की जंग जारी रहेगी।