ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले ध्यान दें; मोहाली में एक हफ्ते में काटे गए डेढ़ करोड़ के चालान
मोहाली अगर आप वाहन चलाते समय ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हैं तो समझ लीजिए आपकी जेब हल्की होने वाली है। इसलिए जेब हल्की करवाने से पहले ही यातायात नियमों का पालन शुरू कर दीजिए। रेड लाइट जंप करना, सीट बेल्ट न बांधना, हेलमेट न पहनना जैसी आदतें आपको छोड़नी होंगी। मोहाली में लोगों ने इन आदतों को नहीं छोड़ा और ट्रैफिक पुलिस ने एक हफ्ते में ही डेढ़ करोड़ के चालान काट दिए। हेलमेट न पहनने वाली महिलाओं के चालान भी काटे गए हैं।
मोहाली शहर में सरकार ने चंडीगढ़ की तरह सड़क हादसों पर ब्रेक लगाने और अपराधियों से निपटने के लिए सिटी सर्विलांस और ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम शुरू किया है। इसी के तहत एक हफ्ते में 13 हजार चालान काटे गए हैं जिनकी वैल्यू डेढ़ करोड़ के करीब बनती है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में मोहाली में सिटी सर्विलांस और ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के पहले चरण का शुभारंभ सेक्टर 79 स्थित सोहाना पुलिस स्टेशन में किया गया था। मोहाली के अलावा जालंधर, अमृतसर और लुधियाना में भी यह योजना शुरू की जानी है।









