MBD WEB NEWS

मरणव्रत पर बैठे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने समाप्त किया अनशन, साथी किसानों की रिहाई के बाद पानी पीकर तोड़ा मरणव्रत

मरणव्रत पर बैठे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने समाप्त किया अनशन, साथी किसानों की रिहाई के बाद पानी पीकर तोड़ा मरणव्रत

 

पटियाला : किसानों की मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने आज अपने साथी किसानों की रिहाई के बाद अपना अनशन समाप्त कर दिया। उन्होंने पानी पीकर अपना मरणव्रत तोड़ा। उल्लेखनीय है कि डल्लेवाल ने पिछले कुछ दिनों से पानी पीना भी छोड़ दिया था, जिसे उन्होंने आज से पुनः शुरू कर दिया है।

आज पंजाब पुलिस के एडीजीपी जसकरन सिंह, डीआईजी नरिंदर भार्गव, लुधियाना के एसीपी हरजिंदर सिंह गिल और डीएसपी गुरजीत रूमाणा पटियाला के उस अस्पताल में पहुंचे, जहां किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल भर्ती हैं। उन्होंने डल्लेवाल को पानी पिलाकर उनका अनशन समाप्त करवाया। इस अवसर पर हाल ही में जेल से रिहा हुए किसान नेता भी डल्लेवाल से मिलने पहुंचे और उनका हालचाल जाना। गौरतलब है कि 19 मार्च को किसान नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद से ही डल्लेवाल ने पानी पीना त्याग दिया था, जबकि उनका मरणव्रत पिछले चार महीनों से जारी था, जिसका आज अंत हो गया।

इस संबंध में अन्य किसान नेताओं ने बताया कि जगजीत सिंह डल्लेवाल की तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी। रिहा हुए किसान नेताओं ने उनसे पानी पीने का आग्रह किया, जिसे उन्होंने स्वीकार करते हुए अपना अनशन समाप्त कर दिया।