बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ बुलडोजर एक्शन से सुर्खियों में आए हर्ष सांघवी को मिली डिप्टी CM जिम्मेदारी…
नई दिल्ली- गुजरात में हाल के दिनों में बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ चलाए गए बुलडोजर अभियान से सुर्खियों में आए राज्य के गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी को अब बड़ा प्रमोशन मिला है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की नई टीम में हर्ष सांघवी को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। कम उम्र में ही राजनीति में अपनी दमदार पहचान बना चुके सांघवी को भाजपा नेतृत्व ने युवाओं का चेहरा बनाते हुए यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है। माना जा रहा है कि यदि 2027 के चुनाव में भाजपा सत्ता बरकरार रखती है, तो हर्ष सांघवी को भविष्य में मुख्यमंत्री की कमान भी सौंपी जा सकती है।
छात्र राजनीति से उपमुख्यमंत्री तक का सफर
8 जनवरी 1985 को जन्मे हर्ष सांघवी 2012 में पहली बार विधायक बने थे और 27 वर्ष की उम्र में गुजरात के सबसे युवा विधायक का रिकॉर्ड बनाया। सूरत की माजुरा सीट से लगातार जीत दर्ज करने वाले सांघवी जैन समुदाय से आते हैं और महज 15 वर्ष की उम्र से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हैं। युवा मोर्चा में लंबे समय तक काम करने के बाद वे भाजपा में आए और संगठन में तेज़ी से आगे बढ़े।
साफ छवि और सख्त एक्शन से पहचान
गृह राज्य मंत्री के तौर पर हर्ष सांघवी ने उद्योग, परिवहन, युवा एवं खेल जैसे विभागों की भी जिम्मेदारी संभाली। कानून व्यवस्था के मोर्चे पर उन्होंने कई सख्त कदम उठाए — विशेषकर हाल में बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान और अवैध बस्तियों पर बुलडोजर अभियान चलाकर राज्यभर में चर्चा में रहे। उनकी कार्यशैली और निर्णय क्षमता ने केंद्रीय नेतृत्व का विश्वास जीता।
भूपेंद्र पटेल कैबिनेट में बड़ा फेरबदल
राज्यपाल ने गांधीनगर में आयोजित शपथग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की नई टीम के 25 मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इनमें हर्ष सांघवी के अलावा अर्जुन मोढवाडिया, डॉ. प्रद्युम्न वाजा, रमन भाई सोलंकी, ईश्वर सिंह, मनीषा वकील, प्रफुल्ल पानसेरिया और क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी रीबावा जडेजा जैसे चेहरे शामिल हैं। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इस फेरबदल को भाजपा की रणनीतिक तैयारी के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें युवा और अनुभवी नेताओं का संतुलन साधने की कोशिश की गई है।









