बकरे की बलि देने जा रहे लोगों की कार नदी में गिरी, 4 की डूबकर मौत, बकरा सुरक्षित..
जबलपुर : मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के चरगवां थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे नदी में जा गिरी। इस दुर्घटना में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, कार में सवार लोग एक बकरे की बलि देने के लिए जा रहे थे। हैरानी की बात यह रही कि इस भयावह हादसे में कार में मौजूद बकरा पूरी तरह से सुरक्षित बच गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, कार सवार सभी लोग किसी देवता को प्रतीकात्मक रूप से बकरे की बलि चढ़ाने जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि घटना दोपहर लगभग 3:30 से 3:45 बजे के बीच हुई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की सही वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घायलों के बयान का इंतजार कर रही है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।









