पंजाब में कबड्डी मैच के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग, टूर्नामेंट प्रमोटर को लगी गोली; सिंगर मनकीरत औलख भी आने वाले थे
मोहाली : पंजाब के मोहाली में सोमवार को खेल के मैदान में उस वक्त दहशत फैल गई, जब सोहाना के सेक्टर-82 में चल रहे एक कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान दिनदहाड़े फायरिंग हो गई। मैच के बीच में ही बोलेरो सवार अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस हमले में टूर्नामेंट को प्रमोट कर रहे एक युवक को गोली लगी है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। घटना की गंभीरता इसलिए और बढ़ गई है क्योंकि इस कार्यक्रम में मशहूर पंजाबी गायक मनकीरत औलख भी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होने वाले थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मैदान में मैच का रोमांच चरम पर था, तभी अचानक पटाखों जैसी तेज आवाजें सुनाई दीं। शुरुआत में दर्शकों को लगा कि शायद किसी टीम के अंक बनाने पर खुशी में पटाखे फोड़े जा रहे हैं। लेकिन जब गोलियां दर्शकों के सिर के ऊपर से सनसनाती हुई निकलीं, तो मैदान में भगदड़ मच गई। चश्मदीदों ने बताया कि हमलावरों ने करीब 6 राउंड फायरिंग की और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। गनीमत रही कि गोलीबारी की चपेट में दर्शक नहीं आए, लेकिन प्रमोटर को निशाना बनाया गया।
वारदात की सूचना मिलते ही सोहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि बोलेरो सवार आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमले के पीछे कोई पुरानी रंजिश थी या फिर यह गैंगवार का नतीजा है। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है।











