देश के करोड़ों वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए PF खाता अब बनेगा ATM! जब चाहें निकालें 1 लाख रुपए, EPFO ला रहा है यह क्रांतिकारी बदलाव
नई दिल्ली : देश के करोड़ों वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए एक ऐसी खबर आ रही है जो उनके भविष्य निधि (PF) को लेकर सारे अनुभव को बदल कर रख देगी। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) जल्द ही ‘EPFO 3.0’ लॉन्च करने की तैयारी में है, जिसके बाद पीएफ खाते से पैसा निकालना बैंक खाते से पैसा निकालने जितना ही आसान और तेज हो जाएगा। अब तक जिस प्रक्रिया में हफ्तों लग जाते थे, वह अब मिनटों में पूरी हो जाएगी।
क्या अब नहीं करना होगा लंबा इंतजार?
अब तक पीएफ से पैसा निकालने के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर एक लंबा-चौड़ा फॉर्म भरना पड़ता था और फिर इस बात का इंतजार करना होता था कि पैसा बैंक खाते में कब क्रेडिट होगा। यह प्रक्रिया काफी समय लेने वाली थी। लेकिन अब EPFO 3.0 के तहत यह सब कुछ बदलने वाला है। बताया जा रहा है कि कर्मचारी सीधे ATM कार्ड या UPI ऐप (जैसे Google Pay, PhonePe) के जरिए अपने पीएफ खाते से तुरंत 1 लाख रुपये तक की रकम निकाल या ट्रांसफर कर पाएंगे।
नौकरी बदलने पर खुद ट्रांसफर होगा खाता
EPFO 3.0 का एक और बड़ा फायदा नौकरी बदलने वाले कर्मचारियों को मिलेगा। अभी तक नौकरी बदलने पर पुराने पीएफ खाते का पैसा नए खाते में ट्रांसफर करवाने के लिए अलग से आवेदन करना पड़ता था। लेकिन नई व्यवस्था में यह काम अपने आप हो जाएगा। जैसे ही आप कोई नई कंपनी ज्वाइन करेंगे, आपका पीएफ खाता खुद-ब-खुद नए नियोक्ता के पीएफ खाते से लिंक हो जाएगा, जिससे ट्रांसफर की झंझट ही खत्म हो जाएगी।
सब कुछ होगा आसान और पारदर्शी
इस नए अपडेट में EPFO की वेबसाइट और मोबाइल ऐप को भी बेहद सरल बनाया जाएगा। आप आसानी से अपने पीएफ खाते का बैलेंस चेक कर सकेंगे, क्लेम का स्टेटस देख सकेंगे और अन्य सुविधाओं का लाभ उठा पाएंगे। इसके अलावा, आधार कार्ड लिंक करने या KYC पूरा करने जैसी प्रक्रियाओं को भी डिजिटल वेरिफिकेशन के जरिए और आसान बनाया जाएगा। सबसे खास बात यह है कि आपका पीएफ बैलेंस भी बैंक खाते की तरह रियल टाइम में अपडेट होगा।
EPFO 3.0 सिर्फ पैसा निकालने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए कर्मचारियों की पेंशन सेवा को भी पूरी तरह से डिजिटल और पारदर्शी बनाने की योजना है, जिससे पेंशन से जुड़े सभी काम ऑनलाइन और आसानी से हो सकेंगे।









