MBD WEB NEWS

जानें किस वजह से बठिंडा कोर्ट में पेश होकर बुजुर्ग किसान से कंगना रनौत ने मांगी माफी, कहा- मिसअंडरस्टैंडिंग हुई

जानें किस वजह से बठिंडा कोर्ट में पेश होकर बुजुर्ग किसान से कंगना रनौत ने मांगी माफी, कहा- मिसअंडरस्टैंडिंग हुई

 

बठिंडा : मंडी से बीजेपी सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत अपने एक पुराने विवादित ट्वीट को लेकर सोमवार को बठिंडा की अदालत में पेश हुईं। यह मानहानि का मामला किसान आंदोलन के दौरान एक बुजुर्ग महिला किसान पर की गई टिप्पणी से जुड़ा है। कोर्ट में कंगना ने अपने बयान पर माफी मांगी और कहा कि यह सब एक “मिसअंडरस्टैंडिंग” (गलतफहमी) के कारण हुआ।

पेशी के बाद मीडिया से बात करते हुए सांसद कंगना ने कहा, “मिसअंडरस्टैंडिंग हुई है। मैंने माता (बुजुर्ग महिला किसान) को संदेश दिया है कि वे गलतफहमी का शिकार हुई हैं। मेरी ऐसी मंशा नहीं थी।” उन्होंने कहा, “मैं सपने में भी नहीं सोच सकती कि इस विवाद को ऐसा बनाया जाएगा। पंजाब हो या हिमाचल, हर एक माता मेरे लिए पूजनीय है।”

सोमवार को सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता महिला किसान महिंदर कौर खुद तो मौजूद नहीं थीं, लेकिन उनके पति कोर्ट पहुंचे थे, जिनसे कंगना ने बातचीत की। कंगना की तरफ से अदालत में बेल बांड भी दाखिल किए गए, जो उनके पिता ने दिए। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 24 नवंबर की तारीख मुकर्रर की है।

यह मामला साल 2021 के किसान आंदोलन के समय का है। कंगना ने बठिंडा के गांव बहादुरगढ़ जंडिया की 87 वर्षीय बुजुर्ग किसान महिंदर कौर को लेकर एक ट्वीट किया था। आरोप है कि कंगना ने उन्हें 100-100 रुपए लेकर धरने में शामिल होने वाली महिला बताया था। इसी टिप्पणी के खिलाफ महिंदर कौर ने कंगना रनौत पर मानहानि का केस दायर किया था।