MBD WEB NEWS

गहरे कोहरे के कर्न दिल्ली एयरपोर्ट से 129 उड़ानें रद्द, 32 ट्रेनें भी हुई लेट; यात्रियों के लिए जारी की गई एडवाइजरी

गहरे कोहरे के कर्न दिल्ली एयरपोर्ट से 129 उड़ानें रद्द, 32 ट्रेनें भी हुई लेट; यात्रियों के लिए जारी की गई एडवाइजरी

नई दिल्ली- उत्तर भारत के बड़े हिस्से में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई है। कोहरे का सबसे ज्यादा असर हवाई यातायात पर पड़ रहा है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर सुबह से ही उड़ान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित रहीं। एक अधिकारी के अनुसार, दिल्ली एयरपोर्ट से 129 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जिनमें कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल हैं। कोहरे का बुरा असर रेल सेवाओं पर भी देखने को मिला, जहां अब तक 32 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं

स्थिति को देखते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। अथॉरिटी ने कहा है कि कोहरे और कम दृश्यता के कारण उड़ानों के संचालन में देरी हो सकती है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी संबंधित एयरलाइंस से संपर्क में रहें और रियल-टाइम फ्लाइट अपडेट नियमित रूप से चेक करते रहें।

CAT-3 कैटेगरी में हो रहा है संचालन
घने कोहरे के चलते राष्ट्रीय राजधानी में सड़क परिवहन भी प्रभावित हुआ है, वहीं कई इलाकों में वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। हवाई यातायात को सुरक्षित रखने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट को CAT-3 कैटेगरी में संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत लैंडिंग और टेक-ऑफ के दौरान विशेष तकनीकी सावधानियां अपनाई जाती हैं। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक इंडिगो, एयर इंडिया, स्पाइसजेट और अकासा एयर सहित लगभग सभी प्रमुख एयरलाइंस की उड़ानों में देरी दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों तक कोहरे से राहत मिलने की संभावना कम है। ऐसे में यात्रियों से अपील की गई है कि वे अतिरिक्त समय लेकर एयरपोर्ट पहुंचें और यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति जरूर जांच लें।