ईरान ने भारत के साथ की बड़ी गुस्ताखी: भारत आ रहे जहाजों को किया अगवा; होर्मुज स्ट्रेट में मचाया कोहराम
तेहरान: ईरान ने एक बार फिर से समुद्र में अपनी ताकत दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते भारत की ओर आ रहे जहाजों पर ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने अचानक हमला बोलकर उन्हें अपने कब्जे में ले लिया है। ईरानी सेना ने कुल दो जहाजों को जब्त किया है और अब उन्हें वापस ईरान की तरफ ले जाया जा रहा है। यह कोई पहला मौका नहीं है जब ईरान ने इस समुद्री रास्ते में भारत आ रहे जहाजों को निशाना बनाया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गई हैं।
नियम तोड़ने का बहाना बनाकर जहाजों को किया जब्त
ईरान के सरकारी मीडिया ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया है कि होर्मुज स्ट्रेट को पार करने की कोशिश कर रहे दो जहाजों को आईआरजीसी ने रोक लिया है और उन्हें ईरान ले जाया जा रहा है। वहीं, न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक, रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने अपने बयान में दावा किया है कि उनकी नौसेना ने आज सुबह होर्मुज स्ट्रेट में नियमों का उल्लंघन करने वाले दो जहाजों की पहचान की और कार्रवाई करते हुए उन्हें अपने कब्जे में ले लिया।
बुधवार को भी तीन जहाजों को बनाया था निशाना
समुद्र में ईरान की यह आक्रामकता लगातार बढ़ती जा रही है। इससे पहले बुधवार को भी होर्मुज में कुल तीन कंटेनर जहाजों पर ईरान द्वारा हमले की बात सामने आई थी। यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर (यूकेएमटीओ) की रिपोर्ट के अनुसार, आईआरजीसी की एक गनबोट ने ओमान से लगभग 15 नॉटिकल मील उत्तर-पूर्व में यूनानी कंपनी के स्वामित्व वाले कंटेनर जहाज एपामिनोंडास पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की थी। इस खौफनाक हमले में जहाज के ब्रिज को काफी नुकसान पहुंचा, हालांकि गनीमत रही कि क्रू के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए। इसके बाद ईरान ने पनामा का झंडा लगे यूएई की एक कंपनी के जहाज यूफोरिया पर भी हमला किया। यह हमला ईरान से लगभग आठ नॉटिकल मील पश्चिम में हुआ, लेकिन इस घटना में जहाज और क्रू दोनों सुरक्षित रहे।
एमएससी फ्रांसेस्का पर भी हुआ बड़ा हमला
ईरानी सेना का कहर यहीं नहीं रुका। तीसरा बड़ा हमला पनामा का झंडा लगे एमएससी फ्रांसेस्का जहाज पर हुआ। जब इसे निशाना बनाया गया, तब यह ईरान के तट से लगभग छह नॉटिकल मील की दूरी पर था और होर्मुज से दक्षिण की ओर ओमान की खाड़ी की तरफ जा रहा था। समुद्री खुफिया फर्म वैनगार्ड की रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले में एमएससी फ्रांसेस्का के बाहरी ढांचे और क्रू के रहने की जगहों को भारी नुकसान पहुंचा है। इन लगातार हो रहे हमलों ने इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से गुजरने वाले कमर्शियल जहाजों की सुरक्षा पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है।









