MBD WEB NEWS

इंडियन ऑयल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर की 17वीं मंजिल से गिरकर दर्दनाक मौत, जानें पूरी खबर..

इंडियन ऑयल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर की 17वीं मंजिल से गिरकर दर्दनाक मौत, जानें पूरी खबर..

नोएडा : नोएडा के सेक्टर-104 स्थित एक पॉश हाईराइज सोसायटी में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अजय गर्ग (55) की 17वीं मंजिल से नीचे गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद सोसायटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना सुबह करीब 10:20 बजे की है। अजय गर्ग अपनी पत्नी मयूरी गर्ग से बातचीत करने के बाद मोबाइल पर किसी को कॉल करने के लिए बालकनी की तरफ गए थे। बताया जा रहा है कि फ्लैट के अंदर मोबाइल नेटवर्क की समस्या थी, इसलिए वे बात करने के लिए रेलिंग के पास गए। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे 17वीं मंजिल से सीधे नीचे आ गिरे। सोसायटी के लोगों और गार्ड्स ने उन्हें जमीन पर लहुलूहान हालत में देखा और आनन-फानन में अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मूल रूप से कानपुर के रहने वाले 55 वर्षीय अजय गर्ग इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के दिल्ली स्थित कार्यालय में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। वे नोएडा के सेक्टर-104 स्थित एटीएस वन हेमलेट (ATS One Hamlet) सोसायटी में अपनी पत्नी मयूरी के साथ रहते थे। उनका एक बेटा है, जो मुंबई में नौकरी करता है और घटना के वक्त वह घर पर मौजूद नहीं था।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह महज एक हादसा था या इसके पीछे आत्महत्या जैसा कोई कारण है, इसकी पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगी। फिलहाल पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। सच्चाई जानने के लिए पुलिस सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा, परिजनों और सोसायटी के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

अचानक हुए इस हादसे से परिवार गहरे सदमे में है। अजय गर्ग के बेटे को घटना की सूचना दे दी गई है और वह मुंबई से नोएडा के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो पाएगी।