पंजाब सरकार ने ‘पंजाब दा करोड़पति’ क्विज शो किया लॉन्च, सवाल का जवाब देकर जीते 1 करोड़, जानिए पूरा प्रोसेस
चंडीगढ़- टेलीविजन के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की तर्ज पर अब पंजाब के युवाओं को भी करोड़पति बनने का मौका मिलने जा रहा है। हालांकि, इस प्रतियोगिता में अमिताभ बच्चन की हॉट सीट की जगह मोबाइल और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से सवालों के जवाब देने होंगे। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को ‘पंजाब दा करोड़पति’ प्रतियोगिता का पोर्टल लॉन्च किया। इसके तहत विजेता को एक करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
इस प्रतियोगिता में 15 से 30 वर्ष तक की आयु के युवा हिस्सा ले सकेंगे। इसका उद्देश्य केवल युवाओं को पुरस्कार जीतने का अवसर देना नहीं, बल्कि उनके सामान्य ज्ञान को बढ़ाना और सरकारी नौकरियों की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना भी है। प्रतियोगिता में पंजाब के इतिहास, संस्कृति, विरासत और भूगोल के साथ-साथ विभिन्न शैक्षणिक विषयों से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे।
11 चरणों में होगी प्रतियोगिता
‘पंजाब दा करोड़पति’ प्रतियोगिता कुल 11 राउंड में आयोजित की जाएगी। शुरुआती नौ राउंड ऑनलाइन होंगे, जिनमें प्रतिभागियों को पोर्टल पर बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। प्रत्येक सवाल के चार विकल्प होंगे। सही जवाब देने वाले प्रतिभागी अगले चरण में पहुंचेंगे। आगे बढ़ने के साथ सवालों का स्तर भी कठिन होता जाएगा।
दसवां और ग्यारहवां राउंड ऑफलाइन आयोजित किए जाएंगे। दसवें चरण में जिला स्तर पर मुकाबले होंगे। पंजाब के सभी 23 जिलों के प्रतिभागियों के बीच प्रतिस्पर्धा कराई जाएगी। प्रत्येक जिले से चयनित शीर्ष प्रतिभागी ग्रैंड फिनाले में पहुंचेंगे। अंतिम चरण में एक करोड़ रुपये के विजेता का फैसला होगा।
विजेता को एक करोड़, चार उपविजेताओं को 10-10 लाख
प्रतियोगिता में पुरस्कारों का आकर्षक ढांचा तैयार किया गया है। ग्रैंड फिनाले जीतने वाले प्रतिभागी को एक करोड़ रुपये दिए जाएंगे, जबकि चार उपविजेताओं को 10-10 लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा शीर्ष रैंक हासिल करने वाले 10 हजार प्रतिभागियों को भी पुरस्कार दिए जाएंगे। इससे अधिक संख्या में युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और इनाम जीतने का अवसर मिलेगा।
50 हजार सवालों का प्रश्न बैंक तैयार
प्रतियोगिता के लिए करीब 50 हजार सवालों का प्रश्न बैंक तैयार किया गया है। इसमें पंजाब के इतिहास, संस्कृति, विरासत, भौगोलिक जानकारी, गणित और पंजाब सरकार से जुड़े विषय शामिल हैं। इसके अलावा सरकारी भर्ती परीक्षाओं में पूछे जाने वाले प्रश्नों को भी जगह दी गई है।
पटवारी, पुलिस कांस्टेबल, पंजाब सिविल सर्विसेज (पीसीएस), सब डिवीजनल ऑफिसर (एसडीओ) सहित विभिन्न सरकारी पदों की परीक्षाओं से संबंधित सवाल भी प्रतियोगिता का हिस्सा होंगे। इससे युवाओं को अपनी तैयारी का आकलन करने और सामान्य ज्ञान मजबूत करने में मदद मिलेगी।
स्कूलों-कॉलेजों से अधिक से अधिक पंजीकरण करवाने की अपील
पोर्टल लॉन्च करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्कूलों और कॉलेजों के शिक्षकों के साथ अभिभावकों से भी अपील की कि वे युवाओं को इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें और उनका अधिक से अधिक पंजीकरण करवाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रतियोगिता युवाओं के लिए ज्ञान बढ़ाने, अपनी प्रतिभा दिखाने और पुरस्कार जीतने का बेहतरीन अवसर है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे ‘पंजाब दा करोड़पति’ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और पंजाब की जानकारी के साथ अपनी शैक्षणिक क्षमता को भी मजबूत करें।









