सैनिक स्कूल कपूरथला को रक्षा मंत्री से मिली ट्रॉफी

सैनिक स्कूल कपूरथला को रक्षा मंत्री से मिली ट्रॉफी

 

कपूरथला -पंजाब का एकमात्र सैनिक स्कूल कपूरथला देश का सर्वश्रेष्ठ सैनिक स्कूल घोषित हुआ है। देश के सैनिक स्कूलों में कपूरथला सैनिक स्कूल एकमात्र ऐसा स्कूल है जिसको रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने रक्षा मंत्री ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया है। विदित हो कि 9 फरवरी को नई दिल्ली में सभी सैनिक स्कूलों के प्रधानाचार्यो के एक सम्मेलन में यह सम्मान प्राचार्य कर्नल प्रशांत सक्सेना ने ग्रहण किया।

एक प्रेस विज्ञप्ति में सैनिक स्कूल कपूरथला के प्राचार्य कर्नल प्रशांत सक्सेना ने बताया कि 2022 में सैनिक स्कूल कपूरथला ने नेशनल डिफेंस अकादमी (एनडीए) में सबसे ज्यादा कैडेट्स भेजकर या ट्रॉफी प्राप्त की है। यह ट्रॉफी सैनिक स्कूल कपूरथला को 35 वर्षों के बाद प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि यह रक्षा मंत्री ट्रॉफी कपूरथला सैनिक स्कूल पहली बार प्राप्त नहीं की है बल्कि अपनी सर्वश्रेष्ठ उपलब्धियों के लिए अतीत में भी 10 बार प्राप्त कर चुका है। इस स्कूल का इतिहास प्रख्यात रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक यह स्कूल करीब 1000 से अधिक ऑफिसर देश को समर्पित कर चुका है जो देश के विभिन्न क्षेत्रों में सेवारत हैं। यहाँ तक कि यहाँ के कैडेट्स गवर्नर, फौज तथा प्रशासन के सर्वश्रेष्ठ पदों तथा तकनीकी क्षेत्रों में भी सर्वोत्तम पदों पर आसीन रहे हैं । उन्होंने कहा कि प्रख्यात इस स्कूल की उपलब्धि भी सर्वश्रेष्ठ है। स्कूल सभागार में कल आयोजित एक अभिनंदन समरोह में प्रधानाचार्य कर्नल प्रशांत सक्सेना ने ट्राफी को औपचारिक तौर पर स्कूल कैप्टन कैडेट आयुष्मान पराशर को सुपूर्द किया। इस मौके पर सभागार में जहाँ सम्पूर्ण स्कूल उपस्थित था वही – 2015 – 2022 बैच तथा 148 वें एन•डी•ए• कोर्स के सैकेपियन भी खडग़वासला (पूणे) से ऑनलाइन मौजूद हुए।

इस मौके पर अनेकों सीनियर सैकेपियन्स ने अपनी प्रसन्नता वाया वीडियो व्यक्त की। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में
कर्नल प्रशांत सक्सेना ने इस बड़ी उपलब्धि का श्रेय शिक्षकों, आफिसर्स, सभी कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों को दिया। 1961 से सैनिक स्कूल कपूरथला चल रहा है। यह कपूरथला के महाराजा जगतजीत सिंह के महल में तब से लेकर आज तक अनवरत गति से अपनी उपलब्धियों के लिए जाना जाता रहा है। यहाँ की उपलब्धियों से प्रभावित होकर प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, गवर्नर, रक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री सहित अनेकों देश और विदेशों की शख्सीयतें यहाँ आ चुकी हैं। पंजाब के लोगों में अपने इस इकलौता लोकप्रिय संस्थान की उपलब्धि पर गर्व है और सभी में हर्ष व्याप्त है। स्कूल के प्राचार्य कर्नल प्रशांत सक्सेना, उप प्राचार्या विंग कमांडर दीपिका रावत एवं प्रशासनिक अधिकारी मेजर जेबीएस बेग ने इस उपलब्धि का श्रेय यहाँ के शिक्षकों एवं छात्रों को देते हुए इन्हें बहुत-बहुत बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि इस सम्मान के लिए विद्यार्थियों के अभिभावकगण भी बधाई के पात्र हैं जिनका सहयोग और मार्गदर्शन समय-समय पर मिलता रहा है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *