सिद्धू मूसेवाला हत्याकांडः इंटरपोल ने गोल्डी बराड़ के खिलाफ जारी किया रेड कार्नर नोटिस
चंडीगढ़ः इंटरपोल ने पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ के खिलाफ रेड कार्नर नोटिस जारी किया है। बताया जा रहा है कि गोल्डी बराड़ ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। बराड़ के इस वक्त कनाडा में होने की बात कही जा रही है। गोल्डी बराड़ गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है और पंजाब पुलिस अब उसे काबू करना चाहती है।
गौरतलब है कि गोल्डी बराड़ के खिलाफ फरीदकोट में दर्ज दो अलग-अलग मामलों में रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने का अनुरोध किया गया था। पंजाब पुलिस का दावा है कि 19 मई को सीबीआई को प्रस्ताव भेजा था जिसके 10 दिन बाद मूसेवाला की हत्या कर दी गई। हालांकि सीबीआई ने इसका खंडन किया है। सीबीआई का कहना है कि मूसेवाला की हत्या के एक दिन बाद 30 मई को गोल्डी बराड़ के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने का अनुरोध प्राप्त हुआ था। बराड़ के खिलाफ इंटरपोल की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि “हत्या, आपराधिक साजिश और अवैध हथियारों की आपूर्ति” का आरोप है।
बता दें कि 28 वर्षीय गायक और राजनेता सिद्धू मूसेवाला की 29 मई को पंजाब के मनसा जिले में कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद बराड़ ने एक फेसबुक पोस्ट कर हत्या की जिम्मेदारी ली थी। श्री मुक्तसर साहिब निवासी गोल्डी बराड़ साल 2017 में स्टूडेंड वीजा पर कनाडा गया था और वह लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सक्रिय सदस्य है। बराड़ के खिलाफ नवंबर 2020 और फरवरी 2021 में हत्या, हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज किए गए थे। मूसेवाला की हत्या पिछले साल हुई युवा अकाली नेता विक्की मिड्डुखेड़ा की हत्या का बदला बताई जा रही है।








Leave a Reply