रॉकेट लॉन्चर हमला: तरनतारन का दौरा कर सकती है NIA, DGP गौरव यादव कहा- SFJ के दावे की जांच होगी…
नई दिल्ली : पंजाब के तरनतारन सरहाली पुलिस स्टेशन पर रॉकेट-प्रोपेल्ड ग्रेनेड (आरपीजी) हमले को आंतकी खतरे के रूप में देखा जा रहा है। इस कड़ी में अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की एक टीम सरहाली पुलिस स्टेशन का दौरा कर सकती है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। जानकारी के मुताबिक, जब रॉकेट लॉन्चर हमला हुआ, तब थाने में थानाध्यक्ष समेत आठ लोग मौजूद थे।
हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। इस हमले में थाने की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं दरवाजें-खिड़कियों के शीशे चकनाचूर हो गए। सरहाली पुलिस स्टेशन अमृतसर-बठिंडा राजमार्ग पर स्थित है। फिलहाल, पुलिस हमलावरों की पहचान नहीं कर पाई है।
फोरेंसिक विशेषज्ञों की एक टीम के अलावा, डीजीपी पंजाब गौरव यादव खुद मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से बात की।
डीजीपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच के मुताबिक यह सैन्य-ग्रेड हार्डवेयर होना चाहिए। यह सीमा पार तस्करी का मामला हो सकता है। बहुत स्पष्ट संकेत है कि यह पड़ोसी देश की रणनीति है। पंजाब पुलिस बीएसएफ और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर जांच करेगी। हम तकनीकी और फॉरेंसिक रूप से इसकी जांच करेंगे, अपराध स्थल से सभी सुराग एकत्र किए जा रहे हैं ताकि हम जो हुआ उसका पुनर्निर्माण कर सकें। हम लॉन्चर को रिकवर कर रहे हैं। डीजीपी ने कहा कि हम एसएफजे के दावे की जांच करेंगे। हम सभी तरीके की जांच करेंगे। पाकिस्तान में हैंडलर जो यूरोप, उत्तरी अमेरिका में संपर्क में हैं, उनके लिंक की जांच की जा रही है ताकि असली अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके। बता दें, आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने एक वॉयस नोट भेज इस हमले की जिम्मेदारी ली है।









Leave a Reply