भूकंप के तेज झटकों से हिला दिल्ली-NCR, 5.8 मापी गई तीव्रता; डर से घरों के बाहर निकले लोग
नई दिल्ली : दिल्ली-एनसीआर में दोपहर को 2 बजकर 30 मिनट पर मंगलवार को तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि, इसमें जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.8 मापी गई है। ये झटके काफी देर तक महसूस किए गए। भूकंप के झटके महसूस होते ही, लोग सहम गए और घरों के बाहर दौड़ पड़े।
भूकंप का केंद्र नेपाल में बताया जा रहा है, इसका एपिसेंटर जमीन की सतह के 10 किलोमीटर अंदर था। 5.8 की तीव्रता वाले इस भूकंप के झटके तकरीबन 30 सेकंड तक नेपाल के अलावा भारत के कई शहरों में महसूस हुए। इस भूकंप के चलते राजधानी दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश के कई शहरों में कंपन हुआ। उत्तराखंड में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।
बता दें कि नए साल में दिल्ली में अब तक तीन बार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इससे पहले दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए नए साल की शुरुआत भूकंप के झटकों के साथ हुई थी।









Leave a Reply