बढ़ते ‘गन कल्चर’ के खिलाफ सरकार ने उठाये सख्त कदम, संगरूर में 119 शस्त्र लाइसेंस रद्द

बढ़ते ‘गन कल्चर’ के खिलाफ सरकार ने उठाये सख्त कदम, संगरूर में 119 शस्त्र लाइसेंस रद्द

 

संगरूर : पंजाब में ‘गन कल्चर’ के खिलाफ शुरू किये गये अभियान के तहत संगरूर में पुलिस-प्रशासन ने 119 हथियारों के लाइसेंस रद्द किये हैं। जिलाधिकारी जतिंदर जोरवाल ने आज यहां बताया कि लाइसेंसी हथियारों का सत्यापन अभियान शुरू हो चुका है और शुरुआती चरण में 119 आग्नेयास्त्रों के लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इन लाइसेंस धारकों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि जिला पुलिस की ओर से ऐसे 55 ऐसे व्यक्तियों के शस्त्र लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा प्राप्त हुई है, जिनके खिलाफ मामले दर्ज हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र लांबा ने बताया कि सोशल मीडिया समेत हथियारों के सार्वजनिक प्रदर्शन पर बैन की सरकार की घोषणा के बाद संगरूर जिले में सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा लाइसेंस पर निर्धारित संख्या से अधिक हथियार रखने वालों के लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है और जिले के सभी गन हाउसों में गोला-बारूद की जांच करने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि इसी माह एक सप्ताह के अंतराल पर शिवसेना नेता सुधीर सूरी और डेरा अनुयायी व धार्मिक बेअदबी के आरोपी प्रदीप सिंह की दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर हत्या के बाद राजनीतिक बवाल मचने पर आम आदमी पार्टी सरकार ने ‘गन कल्चर‘ समाप्त करने के लिए सभी लाइसेंसी हथियारों की समीक्षा करने, तीन महीने तक नये हथियार लाइसेंस जारी करने पर रोक लगाने और हथियारों के सोशल मीडिया समेत सार्वजनिक प्रदर्शन के साथ घृणा बयानों को बैन करने की घोषणा की थी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *