पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह हुए कोरोना पॉजिटिव, खुद को घर पर किया क्वारंटाइन
नई दिल्लीः देश में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। हर रोज देशभर में कोरोना संक्रमित मरीजों के नए मामले सामने आ रहे हैं। इसी बीच टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह कोरोना पॉजिटिव पाए गए है, जिसके बाद उन्होंने खुद को क्वारंटाइन कर लिया है। इस संबंधी जानकारी उन्होंने शुक्रवार को ट्वीट के जरिए दी। पिछले महीने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा करने वाले हरभजन सिंह ने कहा कि उनमें हल्के लक्षण थे और उन्होंने खुद को घर पर ही क्वारंटाइन कर लिया है और सभी आवश्यक सावधानियां बरत रहा हूं। मैं उन लोगों से अनुरोध करूंगा जो मेरे संपर्क में आए थे, वे जल्द से जल्द अपना परीक्षण करवाएं। कृपया सुरक्षित रहें और ध्यान रखें।”
हरभजन सिंह ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर से संन्यास का ऐलान किया था, जिसके बाद वह लगातार सुर्खियों में बने रहे। पंजाब में विधानसभा चुनाव भी होने वाले हैं, ऐसे में कयास लगाए जा रहे थे कि हरभजन सिंह राजनीति में आ सकते हैं। हरभजन सिंह ने साल 1998 में भारत के लिए डेब्यू किया था। हरभजन सिंह ने भारत के लिए 103 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें उनके नाम 417 विकेट हैं। जबकि 236 वनडे मुकाबलों में 269 विकेट उनके नाम हैं। हरभजन सिंह 2007 टी-20 वर्ल्डकप, 2011 वनडे वर्ल्डकप विजेता टीम के हिस्सा भी रहे हैं।
बता दें कि, हरभजन सिंह के अलावा उनकी पत्नी, अभिनेत्री गीता बसरा की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव पाई गई है। शुक्रवार को गीता बसरा ने इंस्टाग्राम पर अपने प्रशंसकों और फॉलोअर्स को अपने कोविड पॉजिटिव होने की जानकारी दी।








Leave a Reply