पुंछ में अचानक आई बाढ़ में पंजाब के जवान सहित दो बहे, अमरनाथ यात्रा के लिए हेलिकॉप्टर सेवा बहाल, पैदल यात्रा अभी स्थगित

पुंछ में अचानक आई बाढ़ में पंजाब के जवान सहित दो बहे, अमरनाथ यात्रा के लिए हेलिकॉप्टर सेवा बहाल, पैदल यात्रा अभी स्थगित

 

 

जम्मू: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में अचानक आई बाढ़ में रविवार को सेना के दो जवान बह गए। दोनों जवानों के शव बरामद कर लिये गये हैं। नायब सूबेदार कुलदीप सिंह पुंछ के कठिन इलाके में एरिया डोमिनेशन गश्त के दौरान एक नदी पार कर रहे थे। इस दौरान अचानक आई बाढ़ में वह बह गए। जवान चभल कलां, तरनतारन, पंजाब का रहने वाला था। उसके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। बाढ़ में बहे दूसरे जवान का शव पुंछ में बरामद कर लिया गया है। जवान के बारे में फिलहाल विस्तारपूर्ण जानकारी नहीं प्राप्त है। इस बीच, मौसम विभाग के एक अधिकारी ने अगले 24 घंटों में कठुआ, सांबा और रामबन, डोडा और उदमपुर जिलों में कुछ स्थानों पर व्यापक बारिश की भविष्यवाणी की है। वहीं, जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा के लिए हेलिकॉप्टर सेवा रविवार को बहाल कर दी गई लेकिन खराब मौसम के कारण पहलगाम और बालटाल मार्गों से यात्रा अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गयी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में बालटाल आधार शिविर में आज सुबह हेलिकॉप्टर सेवा फिर से शुरू कर दी गयी और तीर्थयात्रियों को अब तक पांच उड़ानों में दर्शन के लिए गुफा मंदिर ले जाया गया। उनमें से छह लोग अब तक अमरनाथ गुफा में दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस समय बादल छाए हुए हैं और रास्ते में जगह-जगह फिसलन है, जिससे पैदल यात्रा करना असंभव हो गया है। उन्होंने कहा, “जैसे ही मौसम में और सुधार होगा, यात्रा फिर से शुरू हो जाएगी। दक्षिण कश्मीर में पारंपरिक नुनवान पहलगाम आधार शिविर से रविवार को रास्ते में फिसलन के कारण किसी भी यात्री को आगे बढऩे की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि बारिश रुक गई है, लेकिन अमरनाथ मार्ग के विभिन्न जगहों पर फिसलन है। एक जुलाई को यात्रा शुरू होने के बाद से 86,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने हमशिव लिंग के दर्शन किये हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *