
धार्मिक स्थल से वापस आई बस पर हमला
लुधियाना में देर रात माडल टाउन एक्सटेंशन में दो नशेड़ियों ने जमकर उत्पात मचाया। युवकों ने बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा साहिब के बाहर धार्मिक स्थान से वापस लौटी एक बस पर हमला कर दिया। बस को घेर कर उस पर पत्थर और डंडे बरसाए।
यही नहीं ड्राइवर को युवकों ने गालियां भी दी। इस घटना की घरों की छतों से लोगों ने वीडियो बना ली। युवकों ने आधा घंटा जमकर सरेआम सड़क पर गुंडागर्दी की। यदि कोई व्यक्ति उन्हें हुल्लड़बाजी करने से रोकने गया तो उन्होंने उस पर भी हमला कर दिया।
लोगों ने बताया कि जिस बस पर पत्थरबाजी, वह किसी धार्मिक स्थल से जत्थे को वापस लेकर आई थी। गनीमत रही कि बस में कोई यात्री सवार नहीं था। इस बीच ड्राइवर ने बचाव करते हुए बस भगाई, लेकिन हमलावरों ने बीच बाजार पत्थरबाजी कर बस सहित कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया। पत्थरबाजी के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
थाना माडल टाउन की SHO गुरशिंदर कौर ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने नशीला पदार्थ का सेवन किया हुआ था। फिलहाल अभी उनसे बातचीत हो नहीं पाई। उनकी हालत स्थिर होने के बाद हमले के कारणों का पता चलेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।








Leave a Reply