जालंधर में विदेश से आई युवती समेत 2 लापता

You are currently viewing जालंधर में विदेश से आई युवती समेत 2 लापता

जालंधर में विदेश से आई युवती समेत 2 लापता

जालंधर के शहीद बाबू लाभ सिंह नगर की गली नंबर-8 में उस वक्त सनसनी का माहौल बन गया, जब 2 युवतियां संदिग्ध हालात में लापता हो गईं। मामला पुलिस तक तब पहुंचा जब परिवार को लापता हुई युवतियों को लेकर एक धमकी भरा कॉल आया। वारदात का पता चलते ही जालंधर कमिश्नरेट पुलिस के उच्च अधिकारी खुद फील्ड में उतर आए। देर रात तक शहर के विभिन्न इलाकों में जांच जारी थी।

घटना की सूचना परिवार द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम में दी गई थी। जिसके बाद डीसीपी जगमोहन सिंह अपनी टीम और करीब तीन थानों की पुलिस के साथ सर्च के लिए निकले। बस स्टैंड और थाना-6 के क्षेत्र में पड़ते कई होटलों के पुलिस द्वारा सीसीटीवी खंगाले गए। बस स्टैंड के पास एक निजी बस कंपनी के ऑफिस के भी सीसीटीवी खंगाले गए। मगर कुछ खास हाथ नहीं लगा। देर रात करीब 3 बजे तक उच्च अधिकारी खुद मामले की जांच में जुटे हुए थे, क्योंकि उनके पास केस को लेकर कुछ अहम इनपुट थे।

देर रात परिवार से बातचीत में पता चला कि 29 वर्षीय युवती करीब 15 दिन पहले फिलिपींस के मनीला से आई थी। उक्त युवती का पति मनीला में रह रहा था। वह भारत अकेली आई थी। मंगलवार को देर शाम उसने किसी काम से बाजार जाना था। वह अपने पड़ोस में रहने वाली 22 वर्षीय युवती को साथ लेकर बाजार चली गई। जिसके बाद से दोनों का कोई अता-पता नहीं था। परिवार ने पहले तो कॉल किया तो कॉल लगा नहीं। मगर हड़कंप तो तब मच गया, जब परिवार को एक धमकी भरा कॉल आया।

बता दें कि युवतियों के घर से निकलने के कुछ घंटे बाद परिवार को मनीला से आई युवती के फोन से एक कॉल आया। उक्त फोन उसके परिवार ने उठाया। उसके फोन से कोई अन्य व्यक्ति बात कर रहा था। परिवार उक्त व्यक्ति की आवाज सुनकर घबरा गया। जिसके बाद आरोपी ने परिवार से कहा- तुम्हारी लड़कियां उठा ली हैं। अब तुम्हारे से जो होता है वो कर लो।

इतनी बातचीत हुई और आरोपी ने फोन डिस-कनेक्ट कर दिया। उसके बाद से दोनों के फोन बंद आ रहे हैं। पुलिस के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उक्त युवतियों के लोकेशन बस स्टैंड के पास आई थी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *