जम्मू-कश्मीर में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान पंजाब के लांस नायक जसवीर सिंह शहीद, 2014 में हुए थे सेना में भर्ती
तरनतारनः जम्मू-कश्मीर के नौगांव क्षेत्र में आतंकियों से लोहा लेते हुए पंजाब का एक ओर बेटा शहीद हो गया है। विधानसभा हलका खडूर साहिब के गांव वेईपुई निवासी किसान गुरभेज सिंह के बड़े बेटे 9 राष्ट्रीय राइफल्स के लांस नायक जसवीर सिंह 2014 में सेना में भर्ती हुए थे और वह जम्मू-कश्मीर के नौगांव क्षेत्र में आतंकियों से हुई एक मुठभेड़ के दौरान शहीद हो गए। उनकी शहादत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं कई नेताओं सहित धार्मिक व सामाजिक संगठनों ने शहीद के परिजनों के साथ हमदर्दी व्यक्त की है।
जानकारी अनुसार जसवीर सिंह की शहादत की खबर जैसे ही गांव में पहुंचे तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं उनके परिवार को बुरी तरह से सदमा पहुंचाया है। गांव के लोगों ने भारत माता की जय व पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाकर शहीद लांस नायक को श्रद्धांजलि दी। गांव वेईपुई निवासी छोटे किसान परिवार से संबंधित जसवीर सिंह 28 दिसंबर, 2014 को सेना में भर्ती हुए थे। वीरवार को सुबह छह बजे पहले परिवार को खबर आई कि आतंकियों से मुकाबले दौरान जसवीर सिंह घायल हुए हैं। दो घंटे बाद खबर मिली कि वह वीरगति को प्राप्त हो चुके हैं।
विधानसभा हलका खडूर साहिब के गांव वेईपुई निवासी किसान गुरभेज सिंह के बड़े बेटे जसवीर सिंह का 25 फरवरी, 1995 को जन्म हुआ था। 28 दिसंबर, 2014 को सेना में भर्ती होने वाले जसवीर सिंह डेढ़ माह पहले दो सप्ताह की छुट्टी पर घर आए थे। बेटे की शहादत की खबर सुनकर मां सुखविंदर कौर गहरे सदमें में हैं। पिता गुरभेज सिंह भी सुधबुध खो बैठे है। वे लाडले के सिर सेहरा बंधा देखना चाहते थे लेकिन होनी को कुछ और मंजूर था।








Leave a Reply