खनौरी बॉर्डर पर किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का आमरण अनशन 51वें दिन भी जारी , डल्लेवाल की मांगी गई हेल्थ रिपोर्ट के बाद सुप्रीम कोर्ट ने कहा- कुछ लोग डल्लेवाल पर डाल रहे प्रेशर
संगरूर- एमएसपी समेत कई मांगों को लेकर खनौरी बॉर्डर पर किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का आमरण अनशन 51वें दिन भी जारी है। जिसकों लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई है। कोर्ट ने पंजाब सरकार से किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की स्वास्थ्य रिपोर्ट देने को कहा है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर डल्लेवाल की स्वास्थ्य रिपोर्ट पर एम्स के मेडिकल बोर्ड से राय ली जाएगी।
सुप्रीम कोर्ट ने दिए ये निर्देश
जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस एन कोटिश्वर सिंह की पीठ ने हैरानी जताते हुए कहा कि करीब 50 दिनों से अनशन कर रहे व्यक्ति के स्वास्थ्य मानकों में सुधार कैसे हो सकता है? पीठ ने पंजाब सरकार के मुख्य सचिव को जगजीत सिंह डल्लेवाल की स्वास्थ्य जांच रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार के पास जमा करने का निर्देश दिया है। साथ ही सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्रार को एम्स के मेडिकल बोर्ड से डल्लेवाल की स्वास्थ्य रिपोर्ट पर राय लेने का निर्देश भी दिया है।
मांगी गई तुलनात्मक रिपोर्ट
जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस एनके सिंह की बैंच के सामने पंजाब सरकार की तरफ से पेश सीनियर एडवोकेट कपिल सिब्बल ने कहा कि डल्लेवाल को डॉक्टरी मदद के मामले में प्रोग्रेस हो रही है। हमारी टीम उनसे सिर्फ 10 मीटर की दूरी पर है। इस पर जस्टिस सूर्यकांत ने पूछा कि आप कह रहे हैं कि उनकी सेहत में सुधार हो रहा है। डॉक्टर वहां पर हैं। इस पर कपिल सिब्बल ने जवाब दिया कि डल्लेवाल ने हमें ब्लड टेस्ट करने की इजाजत दे दी है। इस पर जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि कुछ लोग उन (डल्लेवाल) पर प्रेशर डाल रहे हैं कि वह इस बात का विरोध नहीं करेंगे कि उनकी सेहत में सुधार हो रहा है। इस पर सिब्बल ने स्पष्ट किया कि उनकी सेहत में सुधार नहीं हो रहा बल्कि पंजाब के चीफ सेक्रेटरी के एफिडेविट के मुताबिक उनकी स्थिति स्थिर है। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब सरकार से डल्लेवाल की सेहत से जुड़ी पहले और अब की तुलनात्मक रिपोर्ट मांगी है। मामले की अगली सुनवाई 22 जनवरी को होगी।
वहीं, मंगलवार को किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ ने जानकारी देते हुए बताया किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की सेहत लगातार खराब हो रही है। पिछले 48 घंटे से डल्लेवाल पानी का सेवन भी नहीं कर पा रहे हैं। जितना वह पानी पीते हैं, उतरनी ही उल्टियां हो रही हैं। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों का कहना है कि डल्लेवाल के शरीर के अंग पानी को भी पचाने में असमर्थ हो गए हैं। इतना ही नहीं, शरीर के अधिकतर अंग काम करना बंद करने की स्थिति में पहुंच चुके हैं।









Leave a Reply