कुल्लू दशहरा में शिरकत करेंगे पीएम मोदी, उत्सव में भाग लेने वाले पहले प्रधानमंत्री होंगे

कुल्लू दशहरा में शिरकत करेंगे पीएम मोदी, उत्सव में भाग लेने वाले पहले प्रधानमंत्री होंगे

 

 

बताया जा रहा है कि अपने हिमाचल दौरे पर पीएम मोदी अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के अलावा बिजली महादेव के दर्शन करने भी जा सकते हैं. हिमाचल में इस साल के आखिर में विधानसभा के चुनाव होने हैं.

अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव बड़े ही धूम धाम से मनाया जाएगा. इस बार इस उत्सव में पहली बार ऐसा कुछ खास होने जा रहा है, जो इससे पहले कभी नहीं हुआ. कुल्लू दशहरा उत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भाग लेंगे. इस उत्सव के 372 साल के इतिहास में पहली बार कोई प्रधानमंत्री इसमें शामिल होगा. प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि कुल्लू दशहरा मेला इस साल 15 अक्टूबर से शुरू होगा. दशहरा उत्सव का आयोजन साल 1650 से किया जा रहा है.

सीएम जयराम ठाकुर ने कहा, “कुल्लू दशहरा एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का मेला है. यह बहुत ही ऐतिहासिक है और हमारी संस्कृति का एक बहुत बड़ा जमावड़ा इसमें शिरकत करता है. इस बार प्रधानमंत्री कार्यालय से एक संदेश मिला है कि इस समारोह में पीएम मोदी के शामिल होने की संभावना है.” बताया जा रहा है कि कुल्लू दशहरा उत्सव में भाग लेने के अलावा पीएम मोदीभगवान रघुनाथ की भव्य रथयात्रा के दर्शन करने के साथ सैकड़ों देवी-देवताओं का आशीर्वाद भी लेंगे.

मेले मे सुरक्षा के खास इंतजाम, पुलिस की पहरेदारी बढ़ी

पीएम मोदी के दौरे की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से कल वर्चुअल बैठक हुई, इसमें बिलासपुर और कुल्लू जिलों के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक शामिल हुई. पीएम मोदी के दौरे को लेकर मेले मे सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं. चारों और पुलिस की पहरेदारी बढ़ा दी गई है. इस उत्सव का देश-विदेश के शोधकर्ताओं को खासा इंतजार रहता है. ऐसे में पीएम मोदी के शामिल होने से कुल्लू दशहरा का स्तर देश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बढ़ेगा.

बिजली महादेव की पूजा अर्चना भी करेंगे पीएम मोदी

बताया जा रहा है कि अपने हिमाचल दौरे पर पीएम मोदी अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के अलावा बिजली महादेव के दर्शन करने भी जा सकते हैं. बिजली महादेव के दर्शनों के लिए हर साल लाखों श्रद्धालु हिमाचल आते हैं. पीएम मोदी जब भी हिमाचल आते हैं तो बिजली महादेव का नाम लेना नहीं भूलते. पीएम मोदी साल 1998 में जब बीजेपी के प्रदेश प्रभारी थे, तब भी उन्होंने बिजली महादेव के दर्शन किए थे.

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *