
अमृतसरः महानगर में सब इंस्पेक्टर की बोलेरो में बम लगाने के मामले में पकड़े गए आतंकी हरपाल सिंह और फतेह दीप सिंह को पुलिस ने वीरवार सुबह अदालत में पेश किया गया जहां से न्यायाधीश ने दोनों तस्करों को आठ दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। बता दें कि, आरोपियों ने सोमवार रात सब इंस्पेक्टर दिलबाग सिंह की बोलेरो में आइईडी लगाकर उसे उड़ाने का प्रयास किया था। पंजाब पुलिस के स्पेशल सेल ने उन्हें बुधवार की दोपहर दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया जहां से दोनों कनाडा भागने की फिराक में थे। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान जिला तरनतारन के थाना पट्टी के अधीन पड़ते गांव सभरा के रहने वाले चाचा-भतीजा हरपाल सिंह और फतेहदीप सिंह के रूप में हुई है। हरपाल पंजाब पुलिस की रिजर्व बटालियन में कांस्टेबल है और वर्तमान में एक वकील की सुरक्षा में तैनात था।
बता दें कि दोनों से पूछताछ के बाद इस आतंकी घटना के तार कनाडा और पाकिस्तान में बैठे आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा के साथ जुड़ रहे हैं, लेकिन पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस इस बात की जानकारी जुटा रही है कि आखिर उन्होंने आइईडी लगाने के लिए एसआइ दिलबाग सिंह की बोलेरो गाड़ी को ही क्यों चुना।
गौरतलब है कि बुधवार को पुलिस ने कांस्टेबल हरपाल और फतेहदीप के घरों पर छापामारी भी की, लेकिन उनके परिवारों के सदस्य घटना के बाद से भूमिगत हो गए हैं। पुलिस ने दोनों आतंकियों के संपर्क में रहे आठ लोगों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। उल्लेखनीय है कि दोनों आतंकी सोमवार देर रात करीब दो बजे रंजीत एवेन्यू में रहने वाले एसआइ दिलबाग सिंह की बोलेरो गाड़ी में आइईडी फिट करने के बाद फरार हो गए थे। यह सारी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई थी।








Leave a Reply