हाय महंगाई; लाडोवाल समेत एक और टोल प्लाजा का रेट बढ़ा..
अमृतसर – अगर आप अमृतसर से दिल्ली अपने वाहन पर जा रहे हैं तो आपका सफर महंगा होने वाला है। दरअसल टोल प्लाजा के रेट बढ़ने वाले हैं जोकि 1 सितंबर से लागू होंगे। लाडोवाल टोल प्लाज पर 10 रुपए बढ़ने की जानकारी सामने आ रही है।
मीडिया रिपोटर्स में इस बात का दावा किया जा रहा है कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने पंजाब के सबसे महंगे लुधियाना लाडोवाल और करनाल के घरौंडा टोल प्लाजा के दाम बढ़ा दिए हैं। फिलहाल जो नए रेट सामने आ रहे हैं उनके मुताबिक लाडोवाल टोल पर कार और जीप ड्राइवर से सिंगल ट्रिप की 165 रुपए फीस ली जाएगी। 24 घंटे में मल्टीपल ट्रिप के लिए 245 रुपए और मासिक पास 4930 रुपए में बनेगा। हल्के व्यापारिक वाहन के लिए सिंगल ट्रिप 285 रुपए, मल्टीपल ट्रिप 430 रुपए और मासिक पास फीस 8625 रुपए होगी। ट्रक और बस के लिए सिंगल ट्रिप 575 रुपए, मल्टीपल 860 रुपए और मासिक पास 17245 रुपए में बनेगा। डबल एक्सल ट्रक का सिंगल ट्रिप 925 रुपए, मल्टीपल ट्रिप 1385 रुपए और मासिक पास 27720 रुपए में बनेगा।








