गुंडागर्दी: व्यक्ति को नंगा कर बेसबाल बैट से पीटा, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ Video

अमृतसर: शहर में गुंडागर्दी का ऐसा नंगा नाच हो रहा है कि आपराधिक तत्वों को तो जैसे पुलिस का कुछ भी खौफ नहीं रहा। ऐसा ही एक मामला उस वक्त सामने आया, जब शहीद ऊधम सिंह नगर, गली नंबर 2 इलाके के एक दुकानदार व्यक्ति पर कुछ व्यक्तियों ने हमला कर गुंडागर्दी का नंगा नाच किया। इसके बाद उसके शरीर के सारे कपड़े उतारकर उसे नंगा करके जमकर मारपीट की गई। इस मारपीट की वहां किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दी और वीडियो बहुत ज्यादा वायरल हो गई जिसके चलते पुलिस को मामले में संज्ञान लेना पड़ा।वहां लोगों ने मारपीट कर रहे उक्त व्यक्ति को छुड़वाने की जहमत नहीं उठाई और उनमें से कुछ लोग वीडियो बनाने में मशगूल रहे। इस मामले में थाना बी डिवीजन की पुलिस ने 5 लोगों पर मामला दर्ज किया है। इस मामले में जुझार सिंह उर्फ बबलू, प्रिंस, बॉबी, राहुल व सोनू पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित गुरमीत सिंह ने बताया कि किसी बात को लेकर आरोपी सोनू विगत कुछ समय से उससे रंजिश रख रहा था। उसने बताया कि वह अपने घर के सामने करियाने की दुकान के पास ग्राऊंड में खड़ा था कि उक्त पांचों आरोपी मोटरसाइकिलों पर आए और मुझे गले से पकड़कर हमला करते हुए मारपीट करनी शुरू कर दी।
आरोपी मुझे घसीटते रहे और आरोपी राहुल ने मुझ पर तेजधार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद सोनू व प्रिंस ने उसके कपड़े उतार कर नंगा कर दिया और उसके बाद बेसबॉल बैट से मारपीट की। शोर मचाने पर सभी हमलावर अपने मोटरसाइकिलों पर फरार हो गए। उसकी मां व पत्नी ने उसको अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने आरोपियों को काबू करने के लिए छापामारी शुरू कर दी है। जांच अधिकारी का कहना है कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं।







