लधियाना में हुई दिल दहलाने वाली वारदात, सेवानिवृत्त सीपीडब्ल्यूडी अधिकारी और उसकी पत्नी की हत्या, 15 मई को जाना था कैनेडा
लुधियानाः महानगर के अंतर्गत आते भाई रणधीर सिंह (बीआरएस) नगर में उस वक्त दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई जब वहां रहते पति-पत्नी की किसी ने हत्या कर दी। हत्या की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है, वहीं वारदात की जांच शुरू कर दी है। बताया मृतक पूर्व सीपीडब्ल्यूडी अधिकारी था और वह यहां अपनी पत्नी के साथ रह रहा था। बताया जा रहा है कि उक्त दंपति 15 मई को अपने बेटे से मिलने के लिए कैनेडा जाने वाले थे। वहीं मृतक दंपति की पहचान सुखदेव सिंह लोटे (60) और उनकी पत्नी गुरमीत कौर (64) के रूप में हुई।
जानकारी अनुसार भाई रणधीर सिंह (बीआरएस) नगर के डी-ब्लॉक में रहते सुखदेव सिंह के तीन बच्चे हैं। जिनमें से उनकी बेटी जोकि लुधियाना में ही ब्याही हुई है जबकि दो बेटे एक कनाडा और दूसरा स्काटलैंड में सेटल है। मृतक दंपति 15 मई को अपने बेटे के पास कनाडा जाने वाले थे। हत्या का खुलासा उस वक्त हुआ जब बेटी पिता से मिलने घर पहुंची तो घर का दरवाजा खुला हुआ था, जब वह अंदर गई तो सारा मंजर देखकर चिल्लाने लगी। जिसके बाद मौके पर एकत्रित हुए लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस को जांच के दौरान कमरे से 3 पानी के गिलास मिले हैं। संदेह जताया जा रहा है कि हमलावर पहले दपंति परिवार के पास बैठा होगा और किसी मामले में बातचीत की होगी। हमलावर को दंपति ने पानी पिलाया होगा, उसके बाद किसी बात को लेकर विवाद होने पर हत्या की गई। पुलिस अलग-अलग थ्योरियों पर काम कर रही है। जिस जगह कत्ल हुआ है, उस कमरे से पुलिस ने कई सैंपल भी लिए हैं। पुलिस को आरोपी के जूतों के निशान भी मिले हैं, क्योंकि जब आरोपी ने घर की दीवार फांद कर छलांग लगाई तो घर के बाहर बने गार्डन में ही उसके पांव मिट्टी में छप गए।







