सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह को फिर मिली धमकी, ईमेल भेज गैंगस्टरों ने ये दी चेतावनी….
मानसाः मशहूर पंजाब गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद एक बार फिर से गैंगस्टरों द्वारा उनके पिता को जान से मारने की धमकी देते गैंगस्टरों के मुद्दे पर चुप रहने के लिए कहा है। सिद्धू मूसेवाला के ऑफिशियल मेल आईडी पर ईमेल भेजकर एजे बिश्नोई नाम के गैंगस्टर ने सोपू ग्रुप नाम के गैंग की ओर से धमकी दी है। ई-मेल में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और जग्गू भगवानपुरिया को लेकर सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह को गैंगस्टरों के बारे में कुछ ना कहने और चुप रहने को कहा है। धमकी में कहा गया है कि सिद्धू मूसेवाला ने उनके साथियों को मरवाया।
जानकारी के अनुसार सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में पंजाब पुलिस की ओर से दायर चार्जशीट में कई बड़े खुलासे हुए हैं। इस चार्जशीट के अनुसार कनाडा में रहने वाला कुख्यात अपराधी गोल्डी बरार मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का मुख्य षड्यंत्रकर्ता था। चार्जशीट में खुलासा हुआ है कि गोल्डी बरार ने इस घटना को अंजाम देने के लिए गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई, जग्गू भगवानपुरिया और कुछ अन्य लोगों की मदद ली थी। सिद्धू मूसेवाला नाम से मशहूर गायक शुभदीप सिंह सिद्धू की पंजाब के मानसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी।
जिक्रयोग्य है कि बीते मई माह की 29 तारीख को सिद्धू मूसेवाला की गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ द्वारा गोलियां मारकर हत्या करवा दी गई थी। जिसके बाद पंजाब पुलिस ने इस मामले में मानसा की एक अदालत में 24 आरोपियों के खिलाफ 26 अगस्त को पहला आरोप पत्र दायर किया था। पुलिस ने 36 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी लेकिन आरोप पत्र 24 लोगों के खिलाफ दायर किया गया, जिनमें लॉरेंस बिश्नोई, जग्गू भगवानपुरिया और गोल्डी बरार के नाम हैं।







